Breaking News

फर्जी दस्तावेजों से भूखण्ड हड़पने के मामलों में इजाफा

- लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
श्रीगंगानगर। इलाके में कृषि भूमि, भूखण्डों व मकानों के फर्जी दस्तावेज तैयार करके औने-पौने दामों में बेचने वाले गिरोह सक्रिय है। ऐसे में लोगों को अपनी जमीन-जायदाद के प्रति सतर्क रहने की जरूरती है। इस गिरोह में शामिल लोग जायज-नाजायज-तरीके से जमीन से संबंधित दस्तावेज हासिल कर लेते हैं और फिर हुबहू नकली कागजात तैयार करके खुद मालिक बन जाते हैं। इसके बाद बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को भूखण्ड व भूमि बेच दी जाती है।
जानकारी के अनुसार गिरोह के लोग प्रोपर्टी डीलर का वेश धर कर भूखण्ड/जमीन मालिक के पास पहुंचते हैं और प्रोपर्टी बिकवाने का झांसा देकर कागजात हासिल कर लेते हैं। इन कागजातों की कलर फोटो स्टेट मालिक को वापिस दे देते हैं और खुद के नाम फर्जी दस्तावेज तैयार करके इसे बेच देते हैं।
ऐसे अनेक मामले इन दिनों सामने आ चुके हैं। जमीन के फर्जी कागजातों के आधार पर कब्जा करने के प्रयास के मामले गत दिवस सदर व कोतवाली पुलिस थाना में दर्ज हुए।
जानकारी के मुताबिक इन दिनों जस्सा सिंह मार्ग पर स्थित करोड़ों की जमीन की उप पंजीयक कार्यालय में रजिस्ट्री के बाद मौके पर कब्जा करने का मामला चर्चा में है।
खरीददारों ने जमीन पर कब्जा करके अपने कारिन्दें बैठा दिए हैं और काश्त की जा रही है। इस जमीन को लेकर गत दिवस सेठ लच्छीराम अग्रवाल के पुत्र बृजलाल अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस थाना में कई जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। इस विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति ने भी सदर पुलिस थाना में बृजलाल व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
जांच अधिकारी एसआई संदीप जाखड़ ने बताया कि इस मामले में तहसील कार्यालय से रिकॉर्ड मांगा गया था, लेकिन दो दिन के अवकाश के चलते रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सका। रिकॉर्ड उपलब्ध होते ही जांच शुरू कर दी जायेगी।
गौरतलब है कि लोगों अपनी सम्पत्ति के कागजात गैर हाथों में देने से परहेज करना चाहिए। गिरोह के लोग कलर फोटो स्टेट करवा कर खुद के नाम कागजात तैयार कर लेते हैं।


No comments