कांग्रेस करेगी बूथवाइज वोटों की समीक्षा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में मंथन शुरू हो गया है। पार्टी हर बूथ पर वोटों की समीक्षा कर रही है ताकि मालूम चल सके कि लोकसभा चुनावों में ट्रेंड कहां पलट गए, जिससे कांग्रेस का सारा गणित गड़बड़ा गया। कांग्रेस ने अपने सभी लोकसभा उम्मीदवारों से तुरंत फॉर्म 20 पार्टी हेडक्वॉटर्स भेजने को कहा है, जो चुनाव आयोग जारी करता है। इस फॉर्म में क्षेत्र के भी उम्मीदवारों के बूथ वाइज वोटिंग स्कोर लिखे होते हैं। इस फॉर्म को भेजने की डेडलाइन सात जून है, जिसकी समीक्षा की जिम्मेदारी पार्टी हेडक्वॉटर्स की होगी। इसके साथ-साथ सभी बूथों पर पुराने वोटिंग ट्रेंड्स और अन्य पार्टियों की अपेक्षाओं की भी समीक्षा की जाएगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक समीक्षा के जरिए जमीनी स्तर पर खामियों की पहचान कर उन्हें सुधारा जाएगा। लेकिन जानकार सूत्रों का कहना है कि बूथ-वाइज समीक्षा के आधार पर उन दावों की पड़ताल की जाएगी, जो पार्टी यूनिट्स और उम्मीदवारों ने किए थे।

No comments