Breaking News

वर्षा से पूर्व नालों की सफाई करे नगरपरिषद : एडीएम

- भीषण गर्मी में पेयजल व विद्युत निगम सतर्क रहें
श्रीगंगानगर। अतिरिक्त जिला कलक्टर ओपी जैन ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान विद्युत एवं पेयजल विभाग उपभोक्ताओं को विद्युत व पानी की नियमित आपूर्ति बनाये रखें। जहां कही भी समस्या सामने आती है, उसका तत्काल यथासम्भव निदान करें। श्री जैन मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाहॉल में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम के पास ट्रांसफार्मर जलने या लाईन ट्रिपिंग की समस्या आने पर उसका निदान करें तथा जिले में नीचे स्तर के कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं को सर्तक रखें। उन्होंने नगरपरिषद को निर्देश दिये कि शहर में पानी निकासी की बड़ी बाधा नालों में कचरे का होना है। जिला प्रशासन द्वारा लगाये गये अधिकारियों की रिपोर्ट में भी यही बात सामने आयी है। वर्षा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी मुख्य नालों व नालियों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाये।
एडीएम प्रशासन श्री जैन ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस  है, इसके लिये न्यायालय परिसर में प्रात: 7 बजे वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षित बनाने के साथ-साथ अच्छा पर्यावरण देने के उद्देश्य से प्रत्येक नागरिक को एक-एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। बैठक में एडीएम शहर राजवीर सिंह, एसडीएम मुकेश बारहठ, सीएमएचओ डॉ. नरेश बंसल, पीएमओ डॉ. के.एस. कामरा, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता के.के. कस्वा, पेयजल के अधीक्षण अभियंता अशोक गुप्ता, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, उपवन सरंक्षक पयोंग शशि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


No comments