Breaking News

गर्मी के साथ बढ़ गई पानी चोरी व दाम

- टैंकरों से सप्लाई हो रहा दो नम्बर का पानी
श्रीगंगानगर। गर्मी बढऩे के साथ ही नहरी और पीने के पानी की चोरी व इसके दाम बढ़ गए हैं। टैंकरों से पानी सप्लाई करने वालों ने दाम बढ़ा दिए हैं। हालांकि इसे लेकर टैंकर चालकों की ओर से सपष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। बताया जा रहा है कि वर्तमान में पानी के टैंकर के जितने दाम वसुले जा रहे हैं, उतने ही छह महीने पहले भी लिए जा रहे थे। लेकिन जिन लोगों ने हाल ही में पानी की सप्लाई टैंकर के मार्फत ली है, उनका कहना है कि दाम 100 से 200 रुपए प्रति टैंकर लिए जा रहे हैं।
शहर के कुछ इलाकों में भवन निर्माण कार्य व पीने के पानी के लिए टैंकरों से सप्लाई मंगवाई जाती है। शादी-ब्याह आदि के लिए भी पीने का पानी टैंकर से लोग मंगवा रहे हैं। टैंकर से पानी मंगवाने वाले लोगों के अनुसार नहरी पानी के 400 रुपए व पीने के पानी के 700 रुपए तक टैंकर चालक ले रहे हैं। नहरी पानी तो सरेआम नहरों से चोरी कर बेचा जा रहा है। जबकि पीने का पानी जलदाय विभाग कर्मचारियों की मिलीभगत से मुफ्त में लाकर बेचा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार जलदाय विभाग पीने के पानी के टैंकर के लिए करीब 300 रुपए की रसीद काटता है। एक रसीद की आड़ में चार-चार टैंकर भरवाए जा रहे हैं। यह खेल छुट्टी के दिन अधिक खेला जाता है। बुधवार को ईद की छुट्टी के दिन भी डीएवी स्कूल के पास स्थित जलदाय विभाग परिसर से एक के बाद एक कई टैंकर पानी के भरकर बाहर निकाले गए। इस बारे में संवाददाता ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल एटेंड नहीं की।


No comments