Breaking News

परेशानी समझ खुद ही अतिक्रमण हटाने लगे लोग

ट्रक यूनियन पुलिया से उदाराम चौक तक बनेगा नाला
श्रीगंगानगर। ट्रक यूनियन पुलिया से उदाराम चौक तक पुरानी आबादी के मुख्य मार्ग पर मामूली बरसात के बाद पानी भर जाता है। इस मार्ग के मुख्य नाले पर दुकानों के आगे थड़े बने होने के कारण जल निकासी नहीं हो पाती। बीते कई वर्षों के दौरान इसी वजह से नाले की डीस्लिटिंग भी नहीं हो पाई है।
सड़क आम पर बरसात का पानी भरने ओर जल निकासी नहीं होने की इस समस्या को समझते हुए इस मुख्य मार्ग के दुकानदारों ने नाले पर बने थड़े हटाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कुछ दिन पहले उस वक्त लिया गया जब नगर परिषद की ओर से नाले पर अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। मार्केट के महेश दिनोदिया ने बताया कि नाला ओपन कर इसकी मरम्मत नगर परिषद द्वारा करवाई जाएगी। इसलिए दुकानदार नगर परिषद का सहयोग कर रहे हैं। दुकानों के आगे नाले पर बने थड़े लोग खुद ही तोड़ रहे हैं। परिषद के कनिष्ठ अभियंता सिद्धार्थ जांदू ने बताया कि नाला ओपन होने से जल निकासी की समस्या नहीं रहेगी। वहीं परिषद की ओर से समय-समय पर डीस्लिटिंग भी करवाई जा सकेगी।
कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि आदर्श टाकिज से लेकर पुरानी आबादी पावर हाऊस व इससे आगे एसबीआई तक नाले पर हो रखे अतिक्रमण भी लोग स्वत: हटाने को तैयार हैं। इस मार्ग भी नाला थड़ों के नीचे दबा होने के कारण जल निकासी की समस्या रहती है।

No comments