Breaking News

फिरोजपुर फीडर व इन्दिरा नहर की हालत खस्ता, कैसे आएगा पानी

- कांग्रेस और भाजपा ने दोनों की सरकारें रहीं, किसानों की नहीं हुई सुनवाई
श्रीगंगानगर। बांधों में पिछले वर्ष से इस वर्ष पानी काफी है, लेकिन राजस्थान की नहरें पर्याप्त पानी लेने में असमर्थ हैं। क्योंकि उसकी लाइनिंग टूटी हुई है। बड़ी मुश्किल से मिट्टी से भरे थैले लगाकर उनको बचाया हुआ है। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले के किसानों की लाइफ लाइन कही जाने वाली यह नहरें काफी खस्ता हाल में हैं। फिरोजपुर फीडर जो पंजाब में आती है। लेकिन इस नहर के जरिए ही हरीकेबैराज से पानी बीकानेर कैनाल में आता है और फिर श्रीगंगागनर पहुंचता है।
आश्चर्यजनक बात यह है कि यही फिरोजपुर फीडर पूरी तरह से टूट चुकी है। तीन सौ से अधिक जगहों पर इसकी लाइनिंग बिखरी हुई है। वर्षा के दिनों में तो यहां स्थिति काफी खराब हो जाती है। इन्दिरा गांधी नहर की लाइनिंग भी पंजाब और राजस्थान में दोनों ही जगहों पर काफी टूटी हुई है। हालांकि पिछले पांच साल में कई बुर्जियों का निर्माण किया गया। पर अभी काम काफी करना बाकी है। इतने सालों में नहरी तंत्र को मजबूत करने के लिए कोई कदम केन्द्र व राज्य सरकारों की ओर से नहीं उठाए गए। जब तक फिरोजपुर फीडर का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक विशेषकर श्रीगंगानगर जिले के किसानों को पानी की कमी का संकट यूं ही झेलना पड़ेगा और पानी पाकिस्तान जाता रहेगा।
वर्तमान में अधिकारियों का कहना है कि पानी अधिक है और मानसून की वर्षा यदि अधिक होती है तो बाढ़ की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में एक निर्धारित स्तर तक डैम को खाली करना पड़ता है। सोचने वाली बात यह है कि इतने सालों तक इस लाइफ लाइन को सुदृढ़ क्यों नहीं किया गया? पिछले कई दिनों से पानी पाकिस्तान छोड़ा जा रहा है। जबकि श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ जिले के किसान पानी के लिए तरस रहे हैं।
मुद्दा उठाया, लेकिन सरकारें नहीं मानीं
श्रीगंगागनर किसान समिति के संयोजक रणजीतसिंह राजू ने बताया कि गंगनहर की सफाई के लिए जिला प्रशासन सहित उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। उनसे कहा गया कि अप्रेल में बंदी ले लें और नहर की सफाई करवाएं ताकि टेल तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच सके। हैरानी वाली बात है कि प्रशासन व जन प्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसका खामियाजा आज किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसान इसके लिए आंदोलन करेगा, सड़कों पर उतरेगा।
गंगनहर व इन्दिरा नहर में और छोड़ा जाए पानी
किसान संघर्ष समिति के प्रवक्ता सुभाष सहगल का कहना है कि गंगनहर व इन्दिरा नहर में अभी पानी और छोड़ा जा सकता है। जहां कहीं भी दिक्कत आ रही है, वहां नहर को ठीक किया जा सकता है। गर्मी में फसलें सूख रही हैं। ऐसे में पानी को पाकिस्तान छोडऩा सही नहीं है। आज भी 6 हजार क्यूसेक से अधिक पानी पाकिस्तान जा रहा है।


No comments