Breaking News

पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए पशुपालकों को सलाह

- पशुओं को संभालें, गर्मी कर देगी बीमार
श्रीगंगानगर। पशुओं को भीषण गर्मी, लू एवं तापमान के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है, इससे उनके बीमार पडऩे की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को सलाह दी गई है कि भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है, जिससे पशु की मृत्यु भी हो सकती है।  विभाग की ओर पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे पशु आवास के लिए पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें, ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। लू लगने पर पशुओं को प्याज का रस एवं पानी तथा बर्फ की पट्टियां रखनी चाहिये तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सक से सम्पर्क कर पशु का उपचार करवाना चाहिये, जिससे पशुओं तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सके।
पशुपालन विभाग ने सलाह दी है कि गर्मी से बचाने के लिए पशुओं को प्रतिदिन ठण्डे पानी से भी नहलायें, रात में पशुओं को खुले में बांधने तथा दिन में आवश्यकता के अनुसार स्वच्छ पानी पिलाने तथा ठण्डे पानी में नहलाने की सलाह भी दी गई है।


No comments