Breaking News

पूर्व सरकार चाहती तो बन जाती सड़क

- विधायक जगदीश चन्द्र ने पूर्व विधायक गुरजंट बराड़ पर
- लगाए चुनावी लाभ के लिए राजनीति के आरोप
सादुलशहर। स्टेट हाईवे 7 बी (सादुलशहर से श्रीगंगानगर) मार्ग का निर्माण नहीं होने को लेकर राजनीति गर्मा गई है। कल पूर्व विधायक ने राज्य सरकार पर सड़क निर्माण नहीं करवाने का आरोप लगाते धरना लगाया था। तो आज स्थानीय विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ ने आरोप लगाया कि यदि पूर्व भाजपा सरकार चाहती तो यह सड़क कब की बन गई होती।
इस सड़क के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री ने मार्च 2018 में बजट की घोषणा की थी। इसके बाद नवम्बर 2018 तक 8 माह बीत गए, लेकिन सरकार ने सड़क के लिए बजट ही जारी नहीं किया। विधायक ने दावा किया कि पूर्व विधायक गुरजंट सिंह बराड़ ने विधानसभा चुनाव में लाभ उठाने के लिए आनन-फानन में सड़क का शिलान्यास कर दिया था, जबकि उनकी ही मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने घोषणा के समय ही सड़क बनने पर संशय व्यक्त कर दिया था।
विधायक ने कहा कि यदि पूर्व विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी से इस रोड को नैशनल हाईवे से जोडऩे की मांग करते तो, वे भी इस मांग का समर्थन करते। लेकिन अब पंचायत चुनाव में लाभ उठाने के उद्देश्य से गुरजंट सिंह बराड़ ने सड़क को लेकर राजनीति शुरू कर दी है। जबकि हकीकत यह है कि चक महाराजका से कालुवाला तक इस सड़क पर पूर्व विधायक परिवार की जमीनें हैं। इसी कारण ये लोग सड़क को चौड़ा नहीं होने दे रहे। अब मौके पर पैमाइश करवाकर सड़क का चौड़ाकरण करवाया जाएगा और राज्य सरकार से बजट लाकर सड़क का निर्माण करवाएंगे।
मण्डी समिति में हुई पत्रकार वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर झींझा, विजय बिश्नोई, सुखविन्द्र लालगढिय़ा आदि भी उपस्थित थे। पत्रकारवार्ता के  बाद विधायक ने जनसुनवाई भी की।


No comments