Breaking News

किसान आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ा

- विभिन्न किसान संगठनों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर लगाया धरना
श्रीगंगानगर। रायसिंहनगर तहसील के ठाकरी गांव के कर्ज में डूबे किसान सोहनलाल द्वारा की गई आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विभिन्न किसान संगठनों ने आज इस मामले को लेकर कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया।
जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टर बैठक में व्यस्त थे, तो पुलिस ने उन्हें एडीएम को ज्ञापन देने को कहा। लेकिन किसान कलेक्टर को ज्ञापन देने पर अड़ गए और कार्यालय के बाहर ही बरामदे में ही धरना लगा दिया।
इस मौके पर पूर्व विधायक का. हेतराम बेनीवाल, गंगानगर किसान समिति के प्रवक्ता संतवीर सिंह मोहनपुरा, किसान संघर्ष समिति के अमरसिंह बिश्रोई, किसान सभा के विजय रेवाड़, रविन्द्र तरखान, अनिल खीचड़ सहित अनेक किसानों ने कहा कि मृतक किसान के परिजनों को मुआवजा दिया जाए, उसका कर्ज माफ किया जाए।
सरकार ने वायदा किया था सम्पूर्ण कर्जमाफी का, उसे पूरा किया जाए। जमीन निलामी व कुर्की के आदेश को निरस्त किया जाए। सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम है उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा लोनधारी बैंक कर्मचारियों व सम्बंधित तहसीलदार के खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए। क्षेत्रीय सांसद निहालचन्द ने भी लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष यह मामला गत दिवस उठाया था।


No comments