Breaking News

विवादित जमीन की पांच रजिस्ट्री दो करोड़ में हुई, मार्केट कीमत पांच गुणा

- सब कुछ प्लानिंग के साथ
- पर्दे के पीछे हैं कई रसूखदार
श्रीगंगानगर। जस्सा सिंह मार्ग पर स्थित करोड़ों की जमीन पर सुनियोजत ढ़ंग से कब्जा किया गया है। आनन-फानन में रजिस्ट्री होने के अगले दिन ही राजस्व रिकॉर्ड में पटवारी ने इंतकाल भी दर्ज कर दिया। खरीददारों ने भी तुरंत ही जमीन पर कब्जा कर लिया। विवादित जमीन की उप पंजीयन कार्यालय में एक करोड़ 99 लाख 62 हजार की पांच रजिस्ट्री अलग-अलग लोगों के नाम से हुई हैं। जिन लोगों के नाम यह जमीन थी, उन्होंने विवाद होने की आशंका के चलते जमीन बेच दी। मौके पर खरीददारों के कारिन्दें काबिज हो गये हैं। इस मामले में पर्दे के पीछे कई रसूखदार हैं।
इस प्रकरण को लेकर कोतवाली पुलिस थाना में दर्ज मुकदमे की जांच कोतवाल हनुमानाराम बिश्रोइ कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बृजलाल पुत्र लच्छीराम अग्रवाल निवासी 3 बी-14 मीरा मार्ग जवाहरनगर की रिपोर्ट पर उत्तर प्रदेश निवासी अमरनाथ के पुत्र-पुत्रियों उपरेन्द्र नाथ, मनोज कुमार, रीता रानी व चित्रलेखा, श्रीगंगानगर निवासी अमित सिंगल, अमिताभ खैरवा, श्याम कालड़ा, राजदीप सिंह, हेमंत कुमा, आशीष गुप्ता, विनोद ताखर, सुरेन्द्रपाल सिंह सरपंच, दिपेश बिश्रोई पटवारी व एक अन्य के खिलाफ भादंसं की धारा 420, 447, 120 बी, 147, 149 में मुकदमा दर्ज करवाया था।
हासिल मालूमात के मुताबिक चक 3 ए छोटी के मुरब्बा नम्बर 7, 11 व 20 में मनोज कुमार महाजन निवासी बदरीपुरा जोगीवाला देहरादून उत्तराखण्ड, मनोज की बहन रीता अग्रवाल निवाीस बरेला उत्तर प्रदेश, उसके भाई उपेन्द्रनाथ महाजन निवासी भगवतीगंज जिला हापुड़ यूपी व चित्रलेखा अग्रवाल निवासी मौहल्ला रेलवे गंज शहर हरदोई, परगना गोपामऊ जिला हरदोई उत्तर प्रदेश का हिस्सा था। इन्हीं मुरब्बों में बृजलाल अग्रवाल पुत्र लच्छीराम अग्रवाल के परिवार का बराबर का हिस्सा है। बृजलाल के पिता ने मनोज वगैराह के पिता अमरनाथ को यह जमीन गिफ्ट की थी। अमरनाथ के निधन के बाद उनके पुत्र व पुत्रियां वारिस हो गये। इन लोगों ने अपने हिस्से की जमीन बेच दी।
उप पंजीयक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार महाजन निवासी बदरीपुरा जोगीवाला देहरादून उत्तराखण्ड, मनोज की बहन रीता अग्रवाल निवाीस बरेला उत्तर प्रदेश, उसके भाई उपेन्द्रनाथ महाजन निवासी भगवतीगंज जिला हापुड़ यूपी व चित्रलेखा अग्रवाल निवासी मौहल्ला रेलवे गंज शहर हरदोई, परगना गोपामऊ जिला हरदोई उत्तर प्रदेश ने अपने हिस्से की जमीन हेमंत कुमार भठेजा पुत्र रमेश कुमार भठेजा निवासी पे्रम नगर, श्याम कालड़ा पुत्र राजकिशन कालड़ा निवासी जवाहरनगर श्रीगंगानगर, राजदीप सिंह पुत्र रघुवीर सिंह जट सिख निवासी 25 एनपी श्रीगंगानगर व अमिताभ खैरवा पुत्र भरतराम जाट निवासी 18 जीजी गोविन्दपुरा के नाम रजिस्ट्री करवा दी। प्रत्येक जमीन की रजिस्ट्री 39 लाख 92 हजार 400 रुपए में हुई है। ऐसी कुल पांच रजिस्ट्री एक करोड़ 99 लाख 32 हजार रुपए में हुई है। आनन-फानन में रजिस्ट्री करवाने के बाद जमीन बेचने वाले मोटी रकम लेकर वापिस चले गये।
रजिस्ट्री से हटकर किया जमीन पर कब्जा
इस मामले में जमीन के बेचानकर्ताओं व खरीदादारों पर कोतवाली पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाने वाले बृजलाल अग्रवाल का आरोप है कि आरोपियों ने पूरे मुरब्बा नम्बर 11 पर ही कब्जा कर लिया है, जबकि इस जमीन में उनका भी हिस्सा है। मौके पर कुछ लोग बैठे हैं। जमीन की तारबंदी करके गेट तक लगवा लिया गया है।


No comments