Breaking News

पेयजल के लिए हाहाकार

- रामलाल कॉलोनी में 10 दिनों से जलापूर्ति ठप, वार्ड 10 में टैंकर से सप्लाई
श्रीगंगानगर। चक तीन ई छोटी की गली नंबर 6 में भीषण गर्मी के बावजूद पेयजल नहीं मिलने से हाहाकार की स्थिति है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पिछले 10 दिनों से क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हुई। बार-बार अवगत करवाने के बावजूद जलदाय विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पानी देने की बजाय आश्वासन देकर टरका रहे हैं।
शुक्रवार को कॉलोनीवासियों ने जलदाय विभाग के एक्सईएन (सिटी) वीके जैन से मुलाकात कर जलापूर्ति न होने पर रोष जताया। क्षेत्र के ओम नायक, निन्द्रजीतसिंह माणा, गणेश, सुशील मेहता, सुनील बवेजा, विश्व कुमार, हन्नी और विशाल गोयल ने आरोप लगाया कि फोन करने पर एईएन अमरसिंह और बलवीर सिंह सुबह-शाम पानी देेने की बात करते हैं जबकि क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से जलापूर्ति नहीं हुई है।
पानी के अभाव में कॉलोनीवासियों के बुरे हाल हैं। इस पर वीके जैन ने इन लोगों को आश्वस्त किया कि ब्लॉकेज के चलते लाइन में दिक्कत थी। इसे दूर कर कॉलोनी में शाम तक जलापूर्ति करवा दी जाएगी।
पुरानी आबादी वार्डनं.10 में खेत्रपाल मंदिर व लीला चौक एरिया में भी पेयजल किल्लत के कारण लोगों में सुबह रोष फैल गया। मौके पर वार्ड पार्षद किशन सियाग को बुलाकर लोगों ने परेशानी से अवगत करवाया। इसके बाद जलदाय विभाग के अधिकारियों को समस्या बताई गई। सहायक अभियंता एमएल मनचंदा ने एक बार तो पानी का टैंकर भिजवाकर लोगों को आक्रोश को शांत कर दिया। मौहल्लावासियों ने बताया कि लीला चौक क्षेत्र में पानी की सप्लाई लेबर कोर्ट एरिया के ओवरहैड टैंक से होती है। यह ऐरिया टेल पर होने के कारण सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। सहायक अभियंता ने सुधार का भरोसा दिलाया है। इसी तरह सद्भावना नगर मार्ग पर स्थित शिवम एनक्लेव सहित दर्जन भर कॉलोनियों में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। कुछ कॉलोनियों में सद्भावना नगर तो कुछ कॉलोनियों में बसंती चौक के पास वाले ओवरहैड टैंक से सपलाई दी जा रही है। टेल के घरों तक पानी नहीं पहुंचने के कारण लोग परेशान हैं।


No comments