Breaking News

उतार पर आई गेहूं की सरकारी खरीद

- किसान एफसीआई को कम, प्राइवेट में ज्यादा बेच रहे उपज
श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय की नई धानमंडी सहित गंगानगर जिले की अधिकांश मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद अब उतार पर है। हालत ये है कि मंडियों में उपज बेचने आ रहे किसान एफसीआई को कम, प्राइवेट में व्यापारियों को ढेरियां तुला रहे हैं। इस वजह से एफसीआई को कम गेहूं मिल रहा है। क्यूआई गोपीकिशन मारु ने बताया कि पिछले कई दिनों से नई धानमंडी में गेहूं की सरकारी खरीद धीमी है। किसान काफी कम मात्रा में एफसीआई को उपज बेच रहे हैं। पहले की तुलना मेें इन दिनों एफसीआई को कम गेहूं मिल रहा है। इसकी वजह स्पष्ट करते हुए मारु ने बताया कि एफसीआई किसानों से 1840 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद रही है जबकि मंडी में भाव इससे अधिक चल रहे हैं। ऐसे में किसान कम दामों पर एफसीआई को अपनी उपज बेचने की बजाय प्राइवेट में मंडी व्यापारियों को गेहूं तुलवा रहे हैं। एक और वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश खरीद हो चुकी है, इसलिए भी एफसीआई को माल कम मिल रहा है। मंडी व्यापारी और दी गंगानगर टे्रडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष विनय जिन्दल ने भी इसका समर्थन करते हुए बताया कि सरकारी के मुकाबले प्राइवेट मेें भाव अधिक होने की वजह से एफसीआई को माल कम मिल रहा है। पहले स्थिति इसके विपरीत थी। सीजन की शुरुआत में किसान एफसीआई को उपज बेच रहे थे और प्राइवेट खरीद से बच रहे थे जबकि अब किसान एफसीआई की बजाय प्राइवेट मेंं गेहूं बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं।


No comments