शराब ठेके का विरोध, मौहल्लेवासियों ने लगाया धरना
सादुलशहर। वार्ड नम्बर 17 में स्थित शराब ठेके का मौहल्लेवासियों ने विरोध शुरू कर दिया है। तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली है। जानकारी के अनुसार शराब ठेकेदार ने हाल ही में वार्ड नम्बर 17 में देसी शराब का ठेका खोल दिया। मौहल्ले की महिलाओं ने ठेके का विरोध शुरू कर दिया। कल कुछ महिलाओं ने ठेके में घुस कर शराब के पव्वे-बोतलों को बाहर फैंकना शुरू कर दिया था। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर समझाइश करके मामला शांत करवा दिया। आज सुबह वार्डवासियों ने ठेके के बाहर टैंट लगा कर धरना लगा दिया। घबराए ठेकेदार ने आज ठेका ही नहीं खोला। तहसीलदार शिवभगवान रेगर ने मौके पर पहुंच कर ठेके की स्वीकृति के कागजातों की जांच की। धरने पर नगर पालिका के प्रतिपक्ष नेता मेहताब सिंह गुरिया, एनएसयूआई के शिवा राजपूत सहित एक दर्जन महिलाएं धरने पर बैठी हैं। सभी लोग यहां से शराब ठेका हटाने की मांग कर रहे हैं।

No comments