Breaking News

उपद्रवियों पर दो मुकदमे दर्ज

- हमले में गंभीर घायल हुआ था सिपाही
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र में कबीर चौक पर बीती रात उपद्रव मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इस हमले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था। एक निजी हॉस्पीटल में उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। हमले के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पांच जनों को धारा 151 में गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि बीती रात डेढ़ बजे कश्मीरी इंदौरा पुत्र नत्थूराम इंदौरा की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कश्मीरी इंदौरा ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे संजय वाल्मीकि, घड़दाला वाल्मीकि, लोडू वाल्मीकि, सूरज, डिप्टी, मनू वाल्मीकि, सुमित, अभी वाल्मीकि, कंठ वाल्मीकि, विकास पुत्र मदन, मदन, गौतम, रमेश वाल्मीकि, मोहित, विनोद वाल्मीकि सहित 40-50 लोग उसके घर के पास आये और शराब की खाली बोतलें घरों में फैंकने लगे। आरोपियों ने उसके घर के पास आकर फायरिंग भी की। घरों में पत्थर फैंके। इस पर मौहल्ले के लोग एकत्रित हो गये। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 458, 336, 323, 147, 148, 149 में मुकदमा दर्ज किया है।
बीती रात घटना की सूचना मिलने पर जवाहरनगर पुलिस के अलावा चेतक पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। हमलावरों ने घरों की छतों से पुलिस पर भी पथराव कर दिया। हमले में चेतक जाब्ते के सिपाही प्रभुराम के सिर में गंभीर चोटें आई। उसे बीती रात निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। आज दोपहर उसका ऑपरेशन चल रहा था। सिपाही पर जानलेवा हमला करने के आरोप में थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक की ओर से शिवा वाल्मीकि पुत्र संजय वाल्मीकि, संजय पुत्र सुरेश वाल्मीकि, पूनम पत्नी सुरेश, लक्ष्मी पत्नी वीर सिंह वाल्मीकि, सतवीर पुत्र वीर सिंह, काली पुत्र वीर सिंह, शिला पत्नी सतवीर, रजनी पत्नी काली, गिरधालो उर्फ सुरज पुत्र टीटीा, डिप्टी पुत्र सुरेश, विकास पुत्र धोनू, विकास की औरत, हन्नी पुत्र डिप्टी वाल्मीकि, मोनू पुत्र सुरेश, सूरज पुत्र विनोद, सन्नी पुत्र विनोद, मनोज उर्फ गोली के खिलाफ भादंसं की धारा 307, 332, 353, 147, 148, 149 में मुकदमा दर्ज किया है।
पांच युवक गिरफ्तार
जवाहरनगर पुलिस ने बीती रात कबीर चौक पर पथराव करने की घटना में पांच युवकों को धारा 151 में गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि भीड़ के उग्र होने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मंगवाया गया था। इस पर पुलिस ने हवाई फायर करके भीड़ को भगाया। पुलिस ने मौके से रवि पुत्र रमेश वाल्मीकि, संदीप पुत्र मोहनलाल वाल्मीकि, कालू पुत्र सुनील वाल्मीकि, विनोद पुत्र ओमप्रकाश व संजय धाणक निवासी वार्ड नम्बर 47 बापूनगर को धारा 151 में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को दोपहर बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जायेगा। इसके बाद उन्हें मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
जवाहरनगर थाने में पहले भी भीड़ ने किया था हमला
पुरानी शुगर मिल के निकट गंदे पानी के खड्डे में एक युवक की लाश मिलने के बाद आक्रोशित भीड़ ने जवाहरनगर पुलिस थाना में हमला कर दिया था। क्रुद्ध भीड़ ने थाने में जमकर तोडफ़ोड़ की। पुलिस कर्मियों ने भाग कर जान बचाई थी। इस घटना में कई पुलिस कर्मी चोटिल हो गये थे।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद भारी पुलिस बल मौके पर आया और हवाई फायर करके भीड़ को तितर बितर किया। जवाहरनगर पुलिस थाना में दर्जनों नामजद व अन्य पर पुलिस थाने में तोडफ़ोड़ करने पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ। उस वक्त तत्कालीन एसएचओ शकील अहमद को लाइन हाजिर कर दिया था। जवाहरनगर थाने में दर्ज उस मुकदमे की फाइल आज तक धूल फांक रही है। एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नतीजा यह हुआ कि बीती रात भीड़ ने फिर पुलिस पर हमला कर दिया। तत्कालीन एसपी हरेन्द्र महावर के साथ समाज की मीटिंग भी हुई थी।


No comments