Breaking News

पूरे देश में बदलाव की आवाज

- नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला
- सत्ता में आये तो मनरेगा-3 लेकर आएंगे : आनंद शर्मा
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता आनन्द शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता को गुमराह कर रहे हैं। वे पहले अपने पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखें। मोदी ने जनता से लुभावने वादे किये थे। दो करोड़ नौजवानों को एक साल में रोजगार देने, काला धन वापस लाने, प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख डालने, अच्छे दिन लाने के वायदों का क्या हुआ? यह जनता के सामने हैं। शर्मा आज श्रीगंगानगर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद, विधायक राजकुमार गौड़, जगदीश जांगिड़, कांग्रेसी नेता अशोक चांडक, हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष केसी बिश्नोई, गंगानगर जिलाध्यक्ष संतोष सहारण उपस्थित थे।
आनन्द शर्मा ने कहा कि अच्छे दिन तो आये नहीं, लेकिन बहुत बुरे दिन लोगों को देखने पड़ रहे हैं। रोजगार पैदा नहीं किये गये। इस कारण करोड़ों लोग बेरोजगार हो गये हैं। मोदी ने पांच साल में बहुत गलत फैसले लिये। नोटबंदी का फैसला देश को कलंकित करने वाला था। महिलाओं, मजदूरों के पैसे को अपराध का पैसा बताया। पांच साल में जीडीपी लगातार गिर रही है।  आनन्द शर्मा ने कहा कि किसानों से जो वायदा किया था वह भी मोदी ने पूरा नहीं किया। नये उद्योग नहीं लगाये गये। देश में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो वित्तीय संकट आया था। उस समय मनमोहन सिंह ने भारत की अर्थव्यवस्था को इस संकट से उबारा। आनन्द शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी देश ने अनेक युद्ध जीते हैं उस समय इन्दिरा गांधी प्रधानमंत्री थी। तब विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें दुर्गा का अवतार कहा था। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में आतंकी हमले ज्यादा हुए हैं, जिसकी जितनी निन्दा की जाए उतनी कम है। सेना मोदी की नहीं है, बल्कि इस देश की है। शर्मा ने कहा कि देश में बदलाव की आवाज है। देश भाजपा के कुशासन से मुक्ति मांग रहा है। आनन्द ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस बनी तो 72 हजार रुपये सालाना दिये जाएंगे। किसानों को कर्ज से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा-3 लेकर आयेंगे, जिसमें 150 दिनों का काम मजदूरों को मिलेगा। पांच साल में अन्याय हुआ है अब न्याय होगा।
नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला था। भाजपा सरकार के कई मुख्यमंत्री दागी है। मोदी के बड़े साथी पर संगीन अपराध के आरोप लगे हुए हैं। राज्यों से निकाले भी गये हैं। आनन्द शर्मा ने कहा कि हम भाजपा द्वारा प्रचार में खर्च किये जा रहे रुपये का मुकाबला नहीं कर सकते। मैनेजमेंट में मोदी माहिर है। जोर से बोलकर, दूसरों को कोस कर मोदी भ्रमित ना करें। राहुल गांधी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगने के सवाल पर आनन्द शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुप्रीम कोर्ट की अवमानना की है। राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कोई क्लीन चिट नहीं दी। क्या मोदी सुप्रीम र्को से माफी मागेंग। राहुल गांधी की नागरिकता पर सवाल उठाने की बेहुदा कोशिश की गई है, जिसे 2002 में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था। गृह मंत्रालय ने उन्हें गलत नोटिस दिया है।
जहरीले पानी के मुद्दे पर पंजाब के सीएम से बात करेंगे
आनन्द शर्मा ने कहा कि पंजाब से जहरीले पानी के मुद्दे को लेकर विधायक राजकुमार गौड़ ने उन्हें सारी जानकारी लिखित में दे दी है। वे राजस्थान सरकार के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे। शीघ्र ही क्षेत्र के लोगों को राहत दिलवाई जाएगी। स्थानीय मुद्दों पर भी कांग्रेस अपना फोक्स रखती है।
मैं शर्मा हंू, ज्योतिषी नहीं
आनन्द शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेरे नाम के आगे शर्मा लगता है मैं ज्योतिषी नहीं हूं।  कांग्रेस सत्ता में आयेगी और बीजेपी की बुरी तरह से पराजय होगी।

No comments