Breaking News

चलते टैम्पो में महिला के पर्स से सोने की चेन गायब

- तीन महिलाओं पर संदेह, आज सुबह इंदिरा वाटिका के सामने की घटना
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र में चलते टैम्पू से एक महिला के पर्स से सोने की चैन गायब हो गई। महिला को चैन गायब होने के बाद इंदिरा वाटिका के सामने उस वक्त पता चला, जब उसने टैम्पू वाले को किराया देने के लिए अपना पर्स खोला। सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस तीन संदिग्ध महिलाओं की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार ढ़ाबा झलार निवासी 45 वर्षीय सुशीला जैन पत्नी धर्मचंद जैन आज सुबह श्रीगंगानगर पहुंची। सुशीला जैन ने अग्रसेननगर जाने के लिए टैम्पू पकड़ा। वह टैम्पू में बैठ गई। टैम्पू में पहले से तीन महिलाएं पीछे की सीट पर बैठी थी। सुशील जैन को रास्ते में संदेह हुआ कि उसके गले में पहनी सोने की चैन से छेड़छाड़ हो रही है। उसने चैन को गले से उतार कर अपने पर्स में रख ली। इंदिरा वाटिका के सामने टैम्पू रूकवा नीचे उतर गई और पर्स से रुपए निकाल कर टैम्पू वाले को दे दिए। टैम्पू वाला वहां से रवाना हो गई। थोड़ी दूर चलते ही सुशीला जैन ने पर्स को संभाला, तो उसमें सोने की चैन गायब थी। पर्स में चैन का लॉकेट था। उसने शोर मचाया, तो एक राहगीर ने टैम्पू का पीछा किया और उसे महिला के बारे में बताया। तब तक टैम्पू में सवार तीन महिलाएं उतर कर कहीं जा चुकी थी।
सूचना मिलने पर जवाहरनगर पुलिस थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला से बातचीत करके सादा वर्दी में पुलिस कर्मियों को  तीन संदिग्ध महिलाओं की तलाश में भेजा। पुलिस को आशंका है कि टैम्पू में सवार तीन महिलाओ में से किसी ने सुशीला जैन के पर्स से सोने की चैन चोरी कर ली। यह महिलाएं एक जाति विशेष की बताई जाती हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुशीला जैन ने अभी तक मुकदमा दर्ज करने के लिए रिपोर्ट नहीं दी है।


No comments