Breaking News

संभावित मंत्रियों के घनघनाए फोन

- राजस्थान से राज्यवद्र्धनसिंह राठौड़, गजेंद्रसिंह शेखावत एवं अर्जुन मेघवाल की उम्मीद
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार शाम दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम आज शाम सात बजे होगा। इस समारोह में करीब आठ हजार लोग शामिल होंगे।  कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आठ देशों के प्रतिनिधि आ रहे हैं। इसमें बिम्सटेक के छह और उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि जिन सांसदों को मंत्री बनाया जा  रहा है, उन्हें आज सुबह से ही फोन करके सूचना दी जा रही है। जिन सांसदों के फोन घनघना रहे हैं, उनके पांव जमीं पर नहीं पड़ रहे। सूत्र बताते हैं कि राजस्थान से गुरुवार शाम केवल तीन ही सांसद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें राज्यवद्र्धनसिंह राठौड़, गजेंद्रसिंह शेखावत एवं अर्जुन मेघवाल के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित मंत्रियों में राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, प्रकाश जावड़ेकर, मुख्तार अब्बास नकवी, रामविलास पासवान, जीतेंद्र सिंह, पीयूष गोयल, आरके सिंह, बाबुल सुप्रियो, रामदास आठवले, स्मृति इरानी, सदानंद गौड़ा, किरण रिजीजू, संतोष गंगवार, नरेंद्र सिंह तोमर, पुरुषोत्तम रुपाला, मनसुख लाल मंडाविया, रमेश पोखरियाल निशंक, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, वीके सिंह, महेश शर्मा, किशनलाल गुर्जर, सुरेश अगाड़ी, अनुप्रिया पटेल, कैलाश चौधरी, कृष्णा रेड्डी,  साध्वी निरंजन जोशी, प्रहलाद जोशी, जयंत सिन्हा, आरके सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर एवं हरसिमरत कौर बादल के नाम शामिल हैं। इन सभी को फोन किया जा चुका है। खबरों के मुताबिक एनडीए के सहयोगियों से एक-एक मंत्री बनेंगे।
शाम को बैठक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने शपथ ग्रहण से पहले शाम 4.30 बजे मंत्री पद की शपथ लेने वाले सांसदों से प्रधानमंत्री आवास पर मिलेंगे।
अमित शाह व मोदी में डेढ़ घंटे मंत्रणा
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पर जाकर उनसे डेढ़ घंटे मुलाकात की। भाजपा के दोनों शीर्ष नेताओं की पिछले तीन दिनों में यह तीसरी मुलाकात है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष शाह बैठक के दौरान उन सांसदों की सूची को अंतिम रूप दिया जाना बताया जा रहा है जिनको शाम को मोदी के साथ मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
बापू व अटल को श्रद्धा सुमन
बापू और अटल समाधि के बाद प्रधानमंत्री नेशनल वॉर मेमोरियल गए थे। जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इसके बारे में ट्विटर पर लिखा, 'भारत को उन सभी बहादुर पुरुषों और महिलाओं पर गर्व है जो अपना कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए हैं। राष्ट्रीय शौर्य स्मारक पर जाकर हमारे बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। हमारी सरकार भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। राष्ट्रीय सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।Ó
विदेशों से आए प्रतिनिधि
समारोह में भाग लेने के लिए थाईलैंड के विशेष प्रतिनिधि ग्रिसाडा बूनराक दिल्ली पहुंच गए हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। थाईलैंड के भारतीय राजदूत चुटिनटोर्न गोंगसाकडी ने कहा, 'हम भारत के जीवंत लोकतंत्र का जश्न मनाने आए हैं।Ó प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश सचिव विजय गोखले ने उनका स्वागत किया।
साइकिल से शपथ ग्रहण समारोह में जाएंगे मनसुख लाल मंडाविया
नई दिल्ली। भारत के सिंहासन पर दूसरी बार विराजमान होने के लिए नरेंद्र मोदी गुरुवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। पीएम मोदी के साथ-साथ कई दिग्गज नेता और कुछ नए चेहरे भी शपथ ले सकते हैं। इसी क्रम में गुजरात से एक नाम उभरा है मनसुख लाल मंडाविया। मनसुख लाल मंडाविया शपथग्रहण समारोह में साइकिल से जाएंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह फैशन नहीं, मेरा पेशन है। मैं संसद भी हमेशा साइकिल से ही जाता हूं। यह इको फ्रेंडली है। इससे पेट्रोल बचता है और आप स्वस्थ भी रहते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात से पिछली कैबिनेट में चार मंत्री को जगह मिली थी।
इनमें हरिभाई पार्थीभाई चौधरी, पुरुषोत्तम रूपाला, जसवंतसिंह सुमनभाई भाभोर और मनसुख लाल मांडविया के नाम शामिल थे। 2014 की तरह इस बार भी बीजेपी गुजरात की सभी 26 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। इसबार मनसुख लाल मंडाविया फिर से शपथ लेने वाले हैं।

No comments