Breaking News

जिले की समस्याएं शीघ्र हल होंगी, मेडिकल कॉलेज मामले में मांगी रिपोर्ट

- विधायक राजकुमार गौड़ मुख्यमंत्री से मिले
श्रीगंगानगर। जिले की समस्याएं शीघ्र हल होंगी, क्योंकि इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह से गंभीर है। चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत श्रीगंगानगर आए थे। तब उन्हें विधायक राजकुमार गौड़ ने कई समस्याओं के बारे में अवगत करवाया था। सीएम ने यह आश्वासन दिया था कि वे चुनाव के बाद जैसे ही आचार संहिता हटेगी, तुरंत इस पर कार्य करेंगे। विधायक गौड़ गत दिवस मुख्यमंत्री आवास पर श्री गहलोत से मिले और उन्हें अवगत करवाया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण श्रीगंगानगर में शीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि लोगों को इससे राहत मिल सके। इस मामले में मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग के प्रिंसीपल सेक्र्रेटरी को इस सम्बंध में निर्देश दे दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिला कलेक्टर श्रीगंगानगर से मेडिकल कॉलेज मामले में रिपोर्ट मांगी है कि अब तक क्या हुआ है और आगे इसमें क्या किया जा सकता है? रिपोर्ट के बाद सरकार पूरी गंभीरता से इस पर कार्य करेगी, जितनी जल्दी हो सकेगा जनता को राहत मिलेगी। श्री गौड़ ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष पंजाब से नहरों के जरिए आ रहे दूषित पेयजल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। इस सम्बंध में मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिंचाई विभाग के शासन सचिव चंडीगढ़ जाकर पंजाब के अधिकारियों से बातचीत कर चुके हैं और सरकार की ओर से इस मामले में पूरी जानकारी दी जा चुकी है। यह कार्य चुनाव से पहले हो गया था। मुख्यमंत्री ने पूरी बात को समझते हुए अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे तुरंत इस सम्बंध में कार्यक्रम बनाएं और वे आगामी दिनों में चंडीगढ़ जाकर पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह से मिलेंगे।
फिरोजपुर फीडर का निर्माण भी करवाया जाएगा
इसके अलावा फिरोजपुर फीडर की हालत काफी खस्ता है। श्री गौड़ ने बताया कि बांधों में इस बार पानी की अच्छी आवक है। लेकिन फिरोजपुर फीडर की लाइनिंग टूटी होने की वजह से विशेषकर श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले के किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं मिल रहा। यदि इसका निर्माण होगा तो टेल पर भी पूरा पानी पहुंचेेगा और किसानों का उत्पादन बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री के सचिव व स्वास्थ्य सचिव से मिलेंगे : विधायक गौड़ आज शाम को मुख्यमंत्री के सचिव कुलदीप रांका व स्वास्थ्य सचिव से मिलकर इन्हीं समस्याओं के हल को लेकर बातचीत करेंगे। इसके बाद वे प्रमुख वित्त सचिव निरंजन आर्य से मिलकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत करवाएंगे।


No comments