Breaking News

गुस्साए वकीलों ने सड़क जाम कर लगाया धरना

- दो घंटे बाधित रहा यातायात, नारेबाजी कर दोहराई निष्पक्ष जांच की मांग
श्रीगंगानगर। महिला पुलिस थाना में एक वकील के खिलाफ अपनी ही बच्ची के साथ गलत हरकत करने के मुकदमे में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बार संघ के आह्वान पर गुरुवार को भी वकीलों ने प्रदर्शन किया। एसपी ऑफिस में प्रवेश न देने पर गुस्साए वकीलों ने कचहरी मार्ग पर धरना लगाकर यातायात रोक दिया। तकरीबन दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। निष्पक्ष जांच न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी देकर वकील लौट आए।
श्रीगंगानगर बार संघ अध्यक्ष जसवीरसिंह मिसन ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार विनोद को रिहा करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर वकीलों ने आज सुबह 9 से 1 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया। न्यायालय परिसर पार्क में सभा करने के बाद वकील एकत्रित होकर साढ़े नौ बजे एसपी ऑफिस पहुंचे। गेट पर ताला और बेरिकेड्ेस होने की वजह से वकील ऑफिस में घुस नहीं पाए। इससे गुस्साए वकीलों ने कचहरी मार्ग पर नारेबाजी करते हुए धरना लगा दिया। चरणदास कम्बोज, वीरेंद्र सिहाग, सीताराम बिश्नोई, ओम रावल, विपिन सिद्ध, गोकुल स्वामी, श्रीमती राजकुमारी जैन सहित अन्य वक्ताओं ने विनोद को रिहा करते हुए मुकदमे में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता और कृष्ण मील ने भी धरने पर पहुंच बार को समर्थन दिया।
सूने रहे वकीलों के चैम्बर्स
नाबालिग बच्ची से गलत हरकत मामले में पुलिस कार्रवाई के विरोध में बार संघ के आह्वान पर वकीलों ने गुरुवार को भी कार्य स्थगित रखा। लगातार दूसरे दिन भी वकीलों ने न्यायालयों में उपस्थिति नहीं दी। इससे न्यायिक कार्यांे से आए लोगों को परेशान होना पड़ा। कार्य स्थगन की वजह से बार सभागार और न्यायालय परिसर में रहने वाली चहल-पहल भी नहीं दिखी। वकीलों के चैम्बर्स और कार्यस्थल सूने रहे।
तो वकीलों पर लगेगा जुर्माना
मौजूदा प्रकरण के तहत वकीलों के कार्य स्थगन संबंधी आह्वान की अवेहलना करने पर बार संघ की ओर से संबंधित पर जुर्माना लगाया जाएगा। बार संघ अध्यक्ष जसवीरसिंह मिसन ने बताया कि कार्य स्थगन के दौरान वकील चैम्बर में नहीं बैठेंगे। न्यायालयों में जमानत की तस्दीक भी नहीं देंगे। ऐसा करने पर पहले दिन 2100, दूसरे दिन 3100 और फिर 5100 रुपए का जुर्माना वसूल किया जाएगा।


No comments