Breaking News

राहुल गांधी के इस्तीफे पर सस्पेंस

- पहले आई खबर कि इस्तीफे की पेशकश, फिर आया खंडन
नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे को लेकर सस्पेंस बना रहा। पहले खबर आई कि राहुल ने इस्तीफे की पेशकश की है, कुछ देर में इसका खंडन आ गया।
इस बीच, शनिवार को दिल्ली में दोपहर दो बजे भी बैठक जारी है। इस अवसर पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, मोतीलाल वोरा, आरपीएन सिंह, प्रियंका गांधी, कु. शैलजा, रणवदीप सिंह सुरजेवाला, गुलाम नबी आजाद, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अम्बिका सोनी, शीला दीक्षित, राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे, अहमद पटेल, आनंद शर्मा, पी. चिदंबरम, रघुवीर मीणा, गिरीजा व्यास, मीरा कुमार, संजय निरुपम, दिग्विजय सिंह, एके एंटोनी, भंवर जितेन्द्र सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी की शानदार जीत और कांग्रेस की करारी हार के बाद अपना वजूद तलाश रही पार्टी ने हार पर मंथन करने के लिए कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है। बताया गया कि राहुल गांधी ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की। हालांकि, कार्यकारिणी के सदस्यों ने इसे नामंजूर कर दिया। बैठक में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेता मौजूद हैं। उन्होंने राहुल को समझाया कि अगर वे इस्तीफा दे देंगे पार्टी को संभालेगा कौन?
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार दोपहर को कहा कि राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश नहीं की है। अब वे कार्यसमिति की बैठक के अंत में अपने विचार रखेंगे। सुरजेवाला के मुताबिक राहुल के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल राहुल गांधी ने ही मोदी को चुनौती दी। बैठक में सभी ने एक स्वर में राहुल से इस्तीफा नहीं देने की अपील कर रहे हैं। हालांकि बैठक में राहुल के दफ्तर में काम करने वालों पर सवाल उठा। कहा गया कि ऑफिस के लोग राजनीतिक फैसले लेते हैं। यह भी आरोप लगा कि स्टाफ के लोग लेफ्ट की तरह काम करते हैं।

No comments