लोकसभा चुनाव खत्म होते ही सात करोड़ किसानों को मिलेगी खुशखबरी
नई दिल्ली। मई के अंत में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होते ही उन सवा सात करोड़ किसानों के बैंक खाते में खेती के लिए पैसे आने शुरू हो जाएंगे, जिनका प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम में 10 मार्च से पहले रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका था. उन्हें पहली और दूसरी किस्त के 4000-4000 हजार रुपये मिलेंगे. इसलिए इससे संबंधित कागजी काम पूरा करने के लिए तैयारी कर लीजिए. अगर रजिस्ट्रेशन नहीं है तो लेखपाल, कानूनगो और कृषि अधिकारी से बात करें. कृषि मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक जिन सवा सात करोड़ किसानों का आचार संहिता से पहले रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है उनके खाते में अभी पैसा ट्रांसफर नहीं हो रहा है. उनके रजिस्ट्रेशन का काम चलता रहेगा. उनके खाते में पैसा डालने की प्रक्रिया आचार संहिता खत्म होने के बाद शुरू होगी. स्कीम के सीईओ विवेक अग्रवाल के मुताबिक, 31 मार्च तक 3 करोड़ 27 हजार किसानों को पहली किस्त भेजी गई थी. जबकि रजिस्ट्रेशन 4.76 करोड़ किसानों का हुआ था. इसलिए बचे हुए लोगों को पहली किस्त भी भेजी जाएगी.

No comments