Breaking News

दिल्ली में चार तो हरियाणा में एक सीट पर लड़ेगी आप

- कांग्रेस के साथ गठबंधन का ऐलान शाम को
नईदिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन का ऐलान शुक्रवार को होने की संभावना है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मीडिया में आई खबरों के अनुसार दोनों दलों का गठबंधन हरियाणा में ही होगा जहां आम आदमी पार्टी को एक सीट मिलेगी।
दिल्ली में लोकसभा की सात और हरियाणा में दस सीटें हैं। गठबंधन को लेकर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने पार्टी कार्यालय में शुक्रवार दोपहर बैठक की। इसमें दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको और हारुन युसूफ मौजूद थे। पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस महाबल मिश्र या कीर्ति आजाद में किसी एक को टिकट दे सकती है। पूर्वी दिल्ली में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री एके वालिया, नई दिल्ली से अजय माकन और चांदनी चौक से हारुन युसूफ के नाम की चर्चा है। कांग्रेस चांदनी चौक संसदीय सीट छोड़ सकती है। आम आदमी पार्टी सभी सातों सीटों के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। गठबंधन होने पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से गुग्गन सिंह, दक्षिणी दिल्ली से राघव चड्ढा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडे और चांदनी चौक से पंकज गुप्ता चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा चुनाव 2014 में मोदी लहर में बीजेपी ने दिल्ली की सारी सीटें जीत ली थी।
चांदनी चौक सीट पर हर्षवर्धन, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा, नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी और उत्तर-पूर्व दिल्ली से मनोज तिवारी विजयी रहे।
उत्तर पश्चिम दिल्ली से बीजेपी के उदित राज ने आप की राखी बिडलान को हराया। दक्षिणी दिल्ली से रमेश विधूड़ी भी जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के महेश गिरी ने एक लाख 90 हजार वोटों से जीत दर्ज की। बता दें कि 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी।

No comments