Breaking News

डिग्गी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

- नवनिर्मित डिग्गी पर तराई कर रहा था एक भाई
श्रीगंगानगर। जिले के दूरस्थ रावला पुलिस थाना क्षेत्र के गांव 3 डीओएल में खेत में बनी डिग्गी में डूबने से दो सगे भाईयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के शवों को सरकारी अस्पताल के मुर्दा घर में रखवाया गया है। किशोर अवस्था में ही एक ही साथ घर के दो चिरागों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
थाना प्रभारी अमरजीत चावला ने बताया कि गांव 3 डीओएल ढाणी में  रहने वाले पर्वत बिश्रोई के खेत में कुछ समय पूर्व ही डिग्गी का निर्माण हुआ है। उसका बड़ा पुत्र 16 वर्षीय विश्वास बिश्रोई व 14 वर्षीय राहुल बिश्रोई  खेत में डिग्गी की तराई करने आये थे। विश्वास बिश्रोई डिग्गी से पानी लेकर तराई कर रहा था। इसी दौरान पांव फिसलने से विश्वास डिग्गी में गिर गया। अपने भाई को बचाने के लिए छोटा भाई राहुल बिश्रोई भी डिग्गी में कूद गया। पानी में डूबने से दोनों भाईयों की मौत हो गई। काफी देर होने पर जब दोनों भाई ढाणी में वापिस नहीं आये, तो परिजन खेत में पहुंचे। वह खेत में तलाशते रहे और पांवों के निशानों की तरफ बढ़ते हुए डिग्गी पर पहुंचे, तो उनकी आंखे फटी की फटी रह गई। दोनों भाईयों के शव डिग्गी में तैर रहे थे। घटना को लेकर कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गये। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों भाईयों के शव बाहर निकाले और सरकारी अस्पताल में पहुंचाये। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की जा रही है।


No comments