Breaking News

ऑनलाइन सट्टा करते दो युवक गिरफ्तार

- लाखों का हिसाब-किताब मिला, पौने दो लाख बरामद
श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी व पदमपुर पुलिस ने बीती रात अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को ऑनलाइन पर्ची सट्टा करते हुए काबू कर लिया। सटोरियों के कब्जा से करीब पौने दो लाख रुपए की नगदी बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ 13 आरजीपीओ व आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इलाके में पर्ची सट्टे का कारोबार बदस्तूर जारी है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा के आदेश पर पुरानी आबादी पुलिस थाना में नियुक्त एसआई अल्का बिश्रोई ने भरतनगर में किराये के मकान में रहने वाले जसवीर सिंह पुत्र लाभ सिंह निवासी 12 एच मोहलां केसरीसिंहपुर को मोबाइल पर पर्ची सट्टा करते हुए काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जा से लाखों रुपए का हिसाब-किताब लिखा रजिस्टर व 80 हजार 120 रुपए की नगदी बरामद की। उसके कब्जा से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। वह मोबाइल पर सट्टे के नम्बरों पर खाईवाली कर रहा था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए जसवीर सिंह मोबाइल पर ही ऑनलाइन सट्टा लिख रहा था। पर्ची सट्टे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
उधर पदमपुर पुलिस थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने प्रतापराम पुत्र खटूमल निवासी पदमपुर को लैपटॉप व मोबाइल पर पर्ची सट्टा करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जा से 98 हजार 625 रुपए, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन बरामद किए। लैपटॉप में लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब किताब मिला है।


No comments