Breaking News

जिन बागियों को निकाला, अब उन्हें वापस लेगी कांग्रेस

- लोकसभा चुनाव जीतने के लिए हर उपाय कर रहा कांग्रेस आलाकमान
- विधानसभा चुनाव के 50 बागियों की कांग्रेस में होगी एंट्री, इनमें कई श्रीगंगानगर जिले के
श्रीगंगानगर। लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस आलाकमान हर उपाय कर रहा है। राहुल गांधी के खाते में राजस्थान से अधिक से अधिक सीटें डालने के लिए कांग्रेस ने एक नया फैसला किया है। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी को बागी तेवर दिखाने वाले नेताओं को वापस लेने के लिए तैयारी है। जिन बागियों को संबंधित लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पार्टी में वापस लेने पर सहमत होंगे, उन्हें पार्टी मेंं ले लिया जाएगा। इस फैसले से श्रीगंगानगर जिले के कई बागी नेताओं को पार्टी में लिए जाने की संभावना है। 
विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 50 से अधिक नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसमें से एक पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री, एक पूर्व मंत्री, नौ पूर्व विधायक, एक पूर्व जिला प्रमुख सहित 28 ऐसे नेता रहे, जिन्होंने बागी होकर चुनाव लड़ लिया था। श्रीगंगानगर के राजकुमार गौड़ समेत 9 तो जीतकर विधायक भी बन गए। बागियों से कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ था।
कांग्रेस आलाकमान ने श्रीगंगानगर से राजकुमार गौड़ व जयदीप बिहाणी को, करणपुर से पृथ्वीपाल सिंह संधू को, रायसिंहनगर से सोहन नायक आदि को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। संवैधानिक बाध्यता के चलते गौड़ कांग्रेस मेंं शामिल तो नहीं हो सकते लेकिन उन्होंने गहलोत सरकार को समर्थन दे ही दिया है। शेष नेताओं को पार्टी में लेने की कवायद चल रही है।
अब विधानसभा चुनाव के तमाम बागियों को वापस लेने के लिए कांग्रेस ने अपनी पुरानी पॉलिसी में बदलाव करने का फैसला किया है। राज्य में मोदी को मात देने के लिए कांग्रेस अपने बागियों से समझौता करने को तैयार हो गई है। लोकसभा के प्रत्याशियों की सहमति के आधार पर उन्हें पार्टी में वापसी कराई जाएगी। 


No comments