Breaking News

ड्राई डे पर शहर में बिकती रही शराब

श्रीगंगानगर। महावीर जयंति पर घोषित सूखा दिवस पर शहर में लाइसेंसी शराब ठेकों पर खुलेआम शराब बिकती रही। तस्कर भी शराब बेचते नजर आये। ड्राई डे पर शराब बिकने की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस एक भी मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी। पुलिस ने देसी शराब बेचते कई जनों को पकड़ा है। इन तस्करों का लाइसेंस शराब ठेकों से कोई ताल्लुकात नहीं था।
जानकारी के अनुसार शहर में सूखा दिवस पर चहल चौक, शिव चौक, गौशाला रोड़, रविन्द्र पथ, गोल बाजार, करणपुर रोड़, कोडा चौक, ट्रक यूनियन पुलिया, बड़ा बाजार सहित शहर भर में लाइसेंस शराब ठेकों पर शटर के नीचे से शराब बिकती रही। जागरूक लोगों ने शराब बिकने पर कैमरे में कैद करके फुटेज पुलिस अफसरों को भेजे, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची, तब तक ठेकेदार व उनके कारिन्दें इधर-उधर हो चुके थे। सूत्रों ने बताया कि सूखा दिवस के बावजूद लाइसेंसी शराब ठेकों पर देर रात तक निर्धारित दामों से अधिक दाम पर शराब बिकती रही। मोटर मार्केट स्थित एक शराब ठेका पर शराब बिकने का दृश्य मोबाइल में कैद होने का पता चलने पर ठेकेदार ने शराब बेचनी बंद कर दी। यह मामला जब पुलिस अफसरों तक पहुंचा, तो सदर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि कार सवार युवक द्वारा वीडियो बनाने का पता चलने पर ठेके पर शराब बिकनी बंद हो गई थी।
देसी शराब ठेकों पर तो सुबह 6 बजे से अवैध रूप से शराब बिकनी शुरू हो जाती है। सुबह ही शराबियों का यहां जमघट लगना शुरू हो जाता है। यह शराब संबंधित पुलिस थानों की सहमति से बिकती है।


No comments