Breaking News

मौके पर न सीवरेज पूरा, न बनीं सड़कें

- एलएण्डटी का दावा सीवरेज डाल बना दी सड़कें
श्रीगंगानगर। आरयूआईडीपी की देखरेख में सीवरेज और पेयजल पाइप लाइन डालने की पोल खुल रही है। ठेकेदार कम्पनी फर्म लार्सन एण्ड टुब्रो ने दावा किया है कि सद्भावनानगर क्षेत्र में उनकी तरफ से काम पूरा हो गया है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। मौके पर सीवरेज का अधूरा काम और उधेड़ी गई सड़कें इस दावे की पोल खोल रही हैं।
गत दिवस सद्भावना नगर रोड पर बसी दर्जन भर कॉलोनियों के लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर सीवरेज के लिए सवासाल से खोदकर छोड़ी सड़क निर्माण की मांग की थी। ज्ञापन में बताया गया कि एलएण्डटी की और से न तो सीवरेज का काम पूरा किया जा रहा है और न ही सड़क निर्माण कर रही है। जिला प्रशासन को दिए गए इस ज्ञापन के कुछ घंटे बाद ही एलएण्डटी की और से हनुमानगढ़ मार्ग, पावनधाम मार्ग सहित कई अन्य इलाकों में सीवरेज का कार्य पूरा करने के बाद सड़क निर्माण किए जाने का दावा भी कर दिया गया। जबकि मौके पर न तो सड़कों का निर्माण हुआ है और न ही वहां सीवरेज का कार्य पूरा किया गया है।
एलएनटी कंपनी के अधिकारी रमेश शर्मा ने अब तक एलएनटी कंपनी द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्य के संपन्न होने के बाद वहां पहले से बेहतर नवीनतम ओर बढिय़ा क्वालिटी की सड़कों के निर्माण का दावा किया है। जबकि जहां भी आधी अधूरी सड़कें बनी हैं, उनकी गुणवत्ता ऐसी नहीं कि वहां तेज गति से वाहन निकाला जा सके।
उन्होंने स्टेट हाइवे की हनुमानगढ़ रोड़ व अंधविद्यालय रोड़ से सूरतगढ़ बाईपास तक सीवरेज के बाद सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करने के दावे किए हैं। लेकिन इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों के अनुसार दोनों ही मार्गों की स्थिति अच्छी नहीं है। सीवरेज का काम अभी अधूरा पड़ा है और बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता पहले जैसी नहीं है। इसी तरह एलएण्डटी ने सद्भावना नगर रोड पर सीवरेज के बाद सड़क बनाने का दावा किया है, जबकि जस्सा सिंह मार्ग भांभू चौराहे से लेकर हनुमानजी के छोटे मंदिर तक अभी काम बाकी है। यह सड़क न तो वाहनों के चलाने लायक है और न ही पैदल चलने लायक। इसी तरह बसंती चौक से साईं बाबा मंदिर तक व टायनी टॉट्स स्कूल के आगे सड़क खोद कर शुरू किया गया काम अभी तक अधूरा है। आरयूआईडीपी ने भी एलएण्डटी को पहले से शुरू कर रखे कार्य पूरे करने के लिए कहा है। आरयूआईडीपी के एक अभियंता ने बताया कि जब तक पिछला काम पूरा नहीं होगा, कम्पनी को नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। एलएण्डटी से पावनधाम रोड, सद्भावना नगर रोड व एसएसबी रोड पर प्राथमिकता से काम पूरा करने के लिए कहा गया है।
अब पूरा करेंगे बाकी काम
लार्सन एण्ड टुब्रो के साईट प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि यहां गत दिनों पाईप लाइन बिछाने व सड़क निर्माण में देरी का कारण तकनीकी खराबी न होकर बारिश ओर ठंड का मौसम था, लेकिन फिर भी कंपनी ने यह सारा कार्य निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया हैं। वहीं अब जहां बाकी जगह कार्य चल रहा हैं, उसे भी जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कम्पनी की और से अब पावन धाम रोड, एसएसबी रोड और शेष रही हनुमानगढ़ रोड को प्राथमिकता से लिया गया है।


No comments