Breaking News

तूफान से कई नहरें टूटीं, कुछ ओवरफ्लो हुई

- गेहूं की पकी फसल में पानी भरा, भारी नुकसान
श्रीगंगानगर। बीती रात्रि आए तेज तूफान से कई नहरें टूट गई हैं और कुछ ओवरफ्लो हो गई। इससे गेहूं की पकी फसल में पानी भर गया। किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। जैसे ही तूफान आया, हवा के तेज झोंकों की वजह से नहर के किनारे खड़े पेड़ और झाड़ नहर में गिर गए। इससे कई जगह नहरों में डाफ आ गई। इससे एलएनपी नहर में पानी ओवरफ्लो हुआ और वह 63 एलएनपी के पास टूट गई।
श्रीगंगानगर नहर समिति के कानूनी सलाहकार हरविन्द्रसिंह गिल ने बताया कि यहां 20 फीट कटाव आया है और सबसे ज्यादा इसी क्षेत्र में नुकसान हुआ है, क्योंकि नहर में पानी भरा हुआ था और वह खेतों में चला गया, जहां फसल पकी हुई थी। इसके अलावा हवा के तेज झोंकों की वजह से काट के रखी गई चने की फसल भी उड़ गई। इसके बाद जीजी माइनर भी 35 जीजी के पास टूट गई। इस वजह से भी किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। इसमें करीब 30 फीट कटाव आया है। रिडमलसर माइनर के ओवरफ्लो हो जाने से किसानों की बारियां तो सूखी गई ही साथ में नहर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में पानी चला गया।
एमके और टीके हैड के बीच पेड़ आदि फंसने से नहर टूटने का खतरा पैदा हो गया। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियों और जेसीबी की सहायता से नहर से डाफ हटाई। जैड माइनर भी ओवरफ्लो हो गई। एच नहर 4एचके मोघे के पास से टूट जाती, लेकिन किसानों ने यहां नहर में टूटकर गिरे पेड़ों और अन्य झाडिय़ों को तत्परता से बाहर निकाल दिया।
बीबी को बचाने के लिए डीडी हैड की दीवार तोड़ी
सिंचाई विभाग ने आज बीबी नहर को टूटने से बचाने के लिए डीडी हैड के पास की एक दीवार को तोड़ दिया। इसको लेकर किसानों में काफी रोष है। हरविन्द्र सिंह गिल ने बताया कि सिंचाई विभाग के पास कोई व्यवस्था नहीं है। किसान अपने स्तर पर ही नहरों में पेड़ों को निकाल रहे हैं।
विभाग ने आज बीबी नहर की दीवार तोड़ दी, जो डीडी हैड के पास है। अब जब तक यह दीवार नहीं बनेगी, तब तक बीबी नहर के किसानों को बिना पानी रहना पड़ेगा।


No comments