Breaking News

नकली नोट से जीभ का चटकारा

- कोई दे गया तो वह भी खपाने लगा
- कई बार चाट-पकौड़ी करते हुआ आखिर पकड़ा गया
श्रीगंगानगर। नकली नोट के जरिए जीभ का चटकारा लेना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। थड़ी लगा कर कपड़े बेचने वाले शख्स को नकली नोटों को खपाने के साथ जीभ के स्वाद के लिए अब हवालात की हवा खानी पड़ रही है। श्रीगंगानगर की जवाहरनगर पुलिस ने इस व्यक्ति को गुरूवार को नकली नोटों सहित दबोच लिया था।
नोडल पुलिस थाना कोतवाली में नकली नोट रखने के आरोप में इंदिरा कॉलोनी की गली नम्बर 6 निवासी सुरेन्द्र खत्री के खिलाफ 489 बी में बीती रात मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारी एसआई राकेश स्वामी ने बताया कि सुरेन्द्र कुमार के कब्जा से तीन पांच-पांच सौ के नकली नोट बरामद हुए थे। जांच अधिकारी ने बताया कि सुरेन्द्र ने पूछताछ में बताया कि  उसे किसी ने पांच-पांच सौ के तीन नकली नोट दे दिए थे। खुद को नुकसान न हो, इसलिए उसने इन्द्रा चौक के निकट बर्गर की रेहड़ी पर नकली नोट चलाने शुरू कर दिए। वह एक नोट लेकर रेहड़ी पर आता और दो बर्गर खाने के बाद शेष रुपए ले जाता था। बकाया रुपए असली होते थे। ऐसे में उसने अपने पास पांच सौ के दो और नकली नोट भी इसी रेहड़ी पर चलाने चाहे। तीसरी बार आया, तो वह पकड़ा गया। रेहड़ी संचालक ममु बहादुर ने ही उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
जांच अधिकारी ने बताया कि सुरेन्द्र खत्री जगह-जगह रेहड़ी लगा कर कपड़े बेचता है। किसी ग्राहक ने उसे नकली नोट दे दिए थे। अब उसे पता नहीं कि किसने यह रुपए उसे दिए। इस प्रकरण में सुरेन्द्र खत्री को आज दोपहर बाद अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा।


No comments