Breaking News

मंडी बंद रहने मजदूरों के सामने खड़ा हुआ रोजी-रोटी का संकट

- नौवें दिन भी रही हड़ताल
श्रीगंगानगर। धान मंडियों में अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को नौंवे दिन भी जारी रही। कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) कार्यालय के बाहर धरने पर व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, मुनीमों सहित सभी की सहभागिता रही।
केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। लगातार बंद के कारण मंडी में काम करने वाले मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, किसानों को भी भारी परेशानी हो रही है।
धरने पर दी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष श्यामसुन्दर करवा, मुख्यतयार सिंह, कच्चा आढ़तिया के अध्यक्ष राजकुमार बंसल, राजस्थान कच्चा आढ़तिया संघ के महामंत्री ओमप्रकाश गर्ग, पूर्व मंत्री राकेश बोरड़, पूर्व उपाध्यक्ष संजय सिंगल, सुभाष झटवाल, श्यामसुन्दर गर्ग, लालसिंह, उमेश अग्रवाल, सुरेंद्र कोटेचा सहित काफी जने बैठे। व्यापारी सभी कृषि जिन्सों की सरकारी खरीद में आढ़त की मांग के लिए आन्दोलित हैं। ई-रजिस्ट्रेशन बन्द करने की मांग भी की जा रही है। मंगलवार को यहां महासम्मेलन के बाद जुलूस निकाल कर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया था। गिरफ्तारियां भी दी थीं।
वीसी में मुख्य सचिव को बताएं हालात
इस बीच बुधवार को व्यापारियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप आग्रह किया कि दोपहर बाद होने वाली वीसी में मुख्य सचिव को इस बारे में अवगत करवाएं। कच्चा आढ़तिया के अध्यक्ष राजकुमार बंसल के नेतृत्व में जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि गेहूं की सरकारी खरीद संबंधी वीसी में जिला कलक्टर बताएं कि गंगानगर-हनुमानगढ़ में आढ़त देने और ई-रजिस्टे्रशन समाप्त करने की मांग पर 9 दिनों से मंडियां बंद हैं।


No comments