Breaking News

रविदासनगर में कई दुकानों के ताले टूटे

- कार का शीशा तोड़ कर नगदी चुराई, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र के रविदासनगर में बीती रात अज्ञात चोर ने कई दुकानों में चोरी का प्रयास किया। अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़ कर नगदी चुराने में सफल हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नम्बर 45 रविदासनगर में आशु छाबड़ा पुत्र श्यामसुन्दर छाबड़ा की कार घर के बाहर खड़ी थी। आज सुबह घरवाले उठे, तो कार का शीशा टूटा हुआ देखा। कार में करीब चार हजार रुपए की नगदी पड़ी थी, जिसे अज्ञात युवक चुरा कर ले गया। यह वारदात रात करीब पौने तीन बजे की है। आशु छाबड़ा ने अपने घर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज संभाली तो पता चला कि एक युवक हाथ में सरिया लेकर उनके घर के बाहर पहुंचता है। उसने कार का गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन खिड़की खुली नहीं। इस पर उसने सरिए से वार करके खिड़की का शीशा तोड़ दिया और नगदी व कार में रखा अन्य सामान चुरा लिया।
इसी एरिया में एक फर्नीचर की दुकान का ताला तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन ताला टूटा नहीं। इसके बाद अज्ञात चोर ने श्री गणेश क्लिनिक का ताला तोड़ा। इस क्लिनिक से अज्ञात चोर करीब 15-1600 रुपए नगदी चुरा कर ले गया। अज्ञात युवक ने कई घरों में भी चोरी का प्रयास किया।
आशु छाबड़ा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में सिर पर टोपी लगाये एक युवक मीरा चौक से मौसम विभाग मार्ग पर एक कार्गो के ऑफिस की तरफ से आता हुआ दिखाई देता है। सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस  को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई गई है। इसके आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


No comments