Breaking News

खेत मजदूर की हत्या

- रावला का रहने वाला था मजदूर, छतरगढ़ में हुई वारदात
बीकानेर। छतरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित खेत में मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक पालाराम मेघवाल निवासी 3 केडी रावला था। उसके पुत्र अनिल उर्फ कालू मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि उसका पिता छतरगढ़ तहसील के चक 2 जीएसएम में हंसराज सेवटा की जमीन काश्त करता था।  उसका पिता पालाराम वहीं जमीन में बने कमरे में रहता था।
उसके पिता के साथ पूर्णराम पुत्र बीरबलराम निवासी 3 केडी रावला भी काश्त करता था। दो दिन पूर्व पूर्णराम अपने गांव आ गया। पीछे से उसके पिता खेत में अकेले ही थे। मंगलवार की रात अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार करके उसके पिता पालाराम की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह खेत पड़ौसियों ने पालाराम की रक्तरंजित लाश देख कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। मृतक के पुत्र अनिल मेघवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।


No comments