Breaking News

जिला परिषद में शराब की दुकानों के लिए लॉटरी निकाली

- देर शाम तक पूर्ण होगी प्रक्रिया, 28 दुकानों के लिए किसी ने आवेदन ही नहीं किया
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। जिला आबकारी विभाग द्वारा आज जिला परिषद सभागार में शराब की दुकानों के लिए लॉटरी निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जिला कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते की अध्यक्षता में आबकारी अधिकारी अमरनाथ व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदि की उपस्थिति में पहली लॉटरी नरेन्द्र भठेजा को निकली। इसके बाद बारी-बारी से लॉटरी निकालने की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन हजार से अधिक लोगों ने 322 समूहों के लिए आवेदन किया था। विभाग ने बताया कि 82 दुकानों के लिए लॉटरी निकालने की जरूरत ही नहीं पड़ी। क्योंकि इसके लिए एक-एक व्यक्ति ने ही आवेदन किया था। शेष बची दुकानों के लिए समाचार लिखे जाने तक 20 लोगों की लॉटरी निकली थी।
भीड़ को देखते हुए एलईडी की व्यवस्था
जिला परिषद सभागार के बाहर शराब ठेकेदारों व आवेदनकर्ताओं की भीड़ को देखे हुए आबकारी विभाग ने एलईडी के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की। यहां बाहर भी काफी संख्या में उपस्थित लोगों ने एलईडी के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया को देखा। अन्दर बैठे अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए जिन-जिन व्यक्तियों की लॉटरी निकाली गई, उनकी सूचना भी दी।
सुबह से ही जिला परिषद में लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया और दोपहर तक पूरी परिसर खचाखच भर गया। सुरक्षा की दृष्टि से भी यहां अनेक पुलिसकर्मी तैनात किए गए।


No comments