Breaking News

रेलगाड़ी में मिली सैनिक की लाश

- हार्ट अटैक से मौत होने का अंदेशा
श्रीगंगानगर। दिल्ली से श्रीगंगानगर पहुंची सराय रोहिला रेलगाड़ी में सैनिक की लाश मिली है। यह जवान दिल्ली से सूरतगढ़ में ड्यूटी पर जा रहा था। जीआरपी ने शव को जिला अस्पताल के मुर्दा घर में रखवा दिया है। सैन्य अधिकारी श्रीगंगानगर पहुंच गये हैं।
जीआरपी हवलदार रणवीर ने बताया कि मृतक की पहचान 30 वर्षीय सोलंकी जितेन्द्र डी भाई पुत्र दूला भाई हरनेट निवासी अरजेन जूनागढ़ गुजरात के रूप में हुई। वह दिल्ली आर्मी केंट में परिवार सहित रहता था। बीती रात वह सरायरोहिला रेलगाड़ी से श्रीगंगानगर पहुंचा था। यहां से वह सूरतगढ़ में ड्यूटी पर जाने वाला था। आज सुबह श्रीगंगानगर पहुंची रेलगाड़ी में शव होने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। सैनिक का शव बाथरूम के निकट पड़ा था। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। उसके सामान को जीआरपी ने सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक जवान की पत्नी दिल्ली आर्मी केंट में है। उसके ससुर से सम्पर्क हो गया है। सूरतगढ़ सेना अधिकारियों को सूचना कर दी गई है। सैन्य अधिकारी जिला अस्पताल में पहुंच गये हैं। यहां पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसके बाद शव सेना को सौंप दिया जायेगा। आशंका है कि हार्ट अटैक से जवान की मौत हुई है।


No comments