Breaking News

अनदेखी पर व्यापारी करेंगे लोकसभा चुनाव का बहिष्कार

- महासम्मेलन में पहुंचे बड़ी संख्या में व्यापारी दोपहर बाद देंगे सामूहिक गिरफ्तारी
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। इलाके की धान मंडियों का अनिश्चितकालीन बंद मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। समाचार लिखे जाने तक नई धान मंडी में महासम्मेलन जारी रहा। इसमें व्यापारियों के अलावा किसान, मजदूर आदि ने एकजुटता को जरूरी बताया। कई वक्ताओं ने अपनी अनदेखी पर नाराजगी जताने के लिए लोकसभा चुनाव में मतदान के बहिष्कार का सुझाव दिया। काफी लोगों ने रोष स्वरूप काली पट्टियां बांध रखी हैं। सभी वक्ताओं ने कृषि जिन्सों की सरकारी खरीद में आढ़त देने और ई-रजिस्ट्रेशन समाप्त करने की मांग दोहराई।
व्यापारी नेता जयदीप बिहाणी ने व्यापारिक मांगों पर सरकार का ध्यान दिलाने के लिए लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का सुझाव दिया जबकि गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विक्रम चितलांगिया ने कहा कि व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी आंदोलन से पहले अपनी प्राथमिकताएं तय करें कि उन्हें क्या करना है? राजस्थान कच्चा आढ़तिया संघ के अध्यक्ष किशनसिंह दुगल, पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष विजय कालड़ा, फाजिल्का के जिलाध्यक्ष अनिल नागौरी, श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष चंद्रेश जैन, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश गर्ग, प्रदेश सचिव अनिल रांका, गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, सचिव विनय जिंदल, कोषाध्यक्ष प्रदीप गर्ग, कच्चा आढ़तिया संघ के अध्यक्ष राजकुमार बंसल, संरक्षक रामगोपाल पाण्डुसरिया, श्याम आहूजा, महामंत्री अशोक छाबड़ा, कोषाध्यक्ष भरत कोचर, न्यू धान मंडी मजदूर संघ के संरक्षक किशोरीलाल सिवान, अध्यक्ष मक्खनलाल मावर, संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, महामंत्री नरेश सेतिया, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक जयदीप बिहाणी, अध्यक्ष बंशीधर जिन्दल, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष संजय महिपाल मुनीम यूनियन के दयाल भाटी सहित सहित अन्य वक्ताओं ने आंदोलन की सफलता के लिए एकजुतटता को आवश्यक बताया। महासम्मेलन में बड़ी संख्या में व्यापारी, मजदूर, किसान आदि मौजूद हैं। सभा के बाद शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जुलूस निकाला जाएगा। कलक्ट्रेट का घेराव कर व्यापारी गिरफ्तारियां देंगे।
सूरतगढ़ व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित सिडाना और सचिव दर्शन भगत परनामी के नेतृत्व में व्यापारी मंगलवार को गंगानगर में आयोजित महासम्मेलन में सम्मिलित हुए। सिडाना ने बताया कि मांगों के समर्थन में आज भी सूरतगढ़ धानमंडी में व्यापारियों की हड़ताल जारी रही। सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापारियोंं में रोष है। गंगानगर-हनुमानगढ़ जिले की अन्य मंडियों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

No comments