Breaking News

श्रीगंगानगर जिले में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस

- मार्च के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएंगे कार्यक्रम
- कार्यशालाओं के आयोजन के साथ दिए जाएंगे पुरस्कार भी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले समेत सभी जिलों में इस बार राज्य सरकार की ओर से अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जायेगा। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के लिए महिला अधिकारिता निदेशालय की ओर से 5 मार्च से 8 मार्च तक जिला स्तर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।  इन कार्यक्रमों की कड़ी में सबसे पहले 5 मार्च को ब्लॉक टास्क फोर्स की जिला स्तरीय कौशल उन्नयन कार्यशाला आयोजित होगी। इन कार्यशालाओं का आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अन्तर्गत किया जायेगा। 6 मार्च को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने हेतु राजस्थान मैन्सटु्रअल हाइजीन स्कीम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत पर चुप्पी तोड़ो दिवस आयोजित जायेगा। जिसमें 10 से 45 वर्ष के मध्य आयु की बालिकाएं, युवतियां एवं महिलाएं भाग लेंगी। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में युवा बालक, नवयुवक मण्डल, किशोरियों के पिताओं तथा सफाई कर्मचारियों को भी शामिल किया जायेगा।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में स्काउट गाइड, नेहरू युवा केन्द्र, एनएसएस एवं एनसीसी के साथ 7 मार्च को महिला शक्ति केन्द्र एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से संबंधित मुद्दों पर कार्यशालाएं आयोजित की जायेंगी। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के दिन जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसमें साथिन, किशोर बालिकाएं, एसएसजी सदस्य, सहायिकाएं भाग लेंगी तथा स्थानीय जन प्रतिनिधि, जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारीग  भी उपस्थित होंगे।
 इस अवसर पर जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ साथिन पुरस्कार एवं यशोदा पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर पोस्टर, चित्रकला, प्रदर्शनी, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, व्यायाम, परिचर्चाएं, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि गतिविधियों का आयोजन भी होगा।


No comments