Breaking News

कलेक्टर से भिड़ा युवक, मेज का शीशा तोड़ा

- आरोपी युवक राउण्डअप
हनुमानगढ़। एक मामले में शिकायत लेकर पहुंचा युवक सरकारी तंत्र से इतना खफा था कि आज दोपहर जिला कलेक्टर के चैम्बर में घुस कर लाठी मार कर मेज का शीशा तोड़ दिया। शीशा लगने से एक कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गया। जंक्शन पुलिस ने युवक को राउण्डअप कर लिया है। उसके खिलाफ सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
ड्यूटी ऑफिसर एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की सूचना पर ईश्वर पुत्र नंदराम जाट निवासी सरदारगढिय़ा पुलिस थाना गोगामेड़ी को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि ईश्वर जाट जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन के चैम्बर में घुस गया। उस वक्त जिला कलेक्टर कुछ कर्मचारियों से चर्चा कर रहे थे। अचानक चैम्बर में घुसे ईश्वर जाट ने लाठी को डीएम की मेज पर दे मारा और शीशा तोड़ दिया। शीशा लगने से एक कर्मचारी के मामूली चोट आ गई। जिला कलेक्टर की सूचना पर कलेक्ट्रेट में मौजूद पुलिस जाब्ते ने ईश्वर जाट को दबोच लिया और जंक्शन पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2017 में भी ईश्वर जाट एक उच्चाधिकारी से भिड़ गया था। तब भी उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी।


No comments