Breaking News

विधानसभा में उठेगा अवैध सूदखोरी का मुद्दा

- पुलिस थानों में हो पीडि़त की सुनवाई, इसके लिए विधायक राजकुमार गौड़ करेंगे उच्चधिकारियों से बात
श्रीगंगानगर। इलाके में ब्याज पर पैसा देकर अवैध सूदखोरी से गरीब व मध्यमवर्गीय लोगों को प्रताडि़त किए जाने का मुद्दा अब विधानसभा में उठाया जाएगा।  श्रीगंगानगर विधायक राजकुमार गौड़ विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए राज्य सरकार से अवैध सूदखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और पीडि़त की पुलिस थानों में सुनवाई कर न्याय की मांग करेंगे।
विधायक राजकुमार गौड़ ने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में लोगों को अवैधानिक तरीके से सूदखोरी के चंगुल में फंसाकर प्रताडि़त किया जा रहा है। मजबूर के चैक, स्टाम्प व प्रोपर्टी के कागज अपने पास रख कर कर्ज देने वाले अवैध सूदखोर ब्याज वसूली के लिए लोगों को प्रताडि़त करते हैं। इनके मोटे ब्याज से पीछा छुड़ाना गरीब के लिए मुश्किल हो जाता है। ब्याज वसूली के लिए सूदखोर मारपीट व अपहरण जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके डर से प्रताडि़त को आत्महत्या तक का कदम उठाना पड़ता है। पूर्व में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी है। पीडि़त की पुलिस थानों में सुनवाई हो, उसे न्याय मिले, इसके लिए वे अवैध सूदखोरी का मुद्दा विधानसभा में उठाएंगे। पीडि़त की सुनवाई और न्याय के लिए पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से भी बात करेंगे। 

No comments