Breaking News

हड़ताल से फल-सब्जी मंडी समिति को रोजाना एक लाख का नुकसान

- अधिकारियों ने जिला कलक्टर को करवाया अवगत
श्रीगंगानगर।  फल-सब्जी मण्डी समिति में व्यापारी और उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना के विरोध के चलते गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी मंडी बंद रही। हड़ताल की वजह से मंडी समिति को रोजाना एक लाख रुपए के यूजर चार्ज (मंडी शुल्क) का नुकसान हो रहा है। इस बारे में मंडी अधिकारियों ने जिला कलक्टर को अवगत करवाया है।
जिला कलक्टर को लिखे पत्र में सचिव रामप्रताप कलवासिया ने बताया कि मंडी समिति प्रांगण में कुछ समय से पिकअप यूनियन का अवैध रुप से संचालन किया जा रहा है। बार-बार प्रयास करने पर भी अवैध संचालनकर्ता पिकअप को बाहर नहीं निकालते और सायंकाल मंडी प्रांगण में बैठकर असामाजिक गतिविधियां संचालित करते हैं। पूर्व में भी ऐसी गतिविधियों की स्थाई रोकथाम के लिए मंडी समिति द्वारा पुलिस-जिला प्रशासन को लिखा गया है। तीन दिन से मंडी बंद है, जिससे मंडी समिति को रोजाना एक लाख रुपए का नुकसान हो रहा है। सहायक सचिव हेमराज गुरहानी ने बताया कि हड़ताल की वजह से स्थानीय किसान अपनी सब्जियां मुख्य मार्ग पर सीेधे उपभोक्ताओं को बेच रहे हैं। गुरुवार को भी मंडी बंद रहने से रेहड़ी वालों और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, आज सुबह कइयों ने रोषस्वरुप आंशिक प्रदर्शन भी किया।

No comments