Breaking News

नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती मरीज की मौत

सादुलशहर। कस्बे में स्थित नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक रणजीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी नंदोट ठिठार पंजाब था। उसके पिता जरनैल सिंह रायसिख ने रिपोर्ट दी कि उसका  पुत्र नशा करने का आदी था। नशा छुड़वाने के लिए रणजीत सिंह को सादुलशहर में स्थित नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती करवाया था। 21 जनवरी को  रणजीत सिंह की तबीयत खराब होने पर नशा मुक्ति वालों ने रात करीब आठ बजे अबोहर सिटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां रणजीत सिंह ने दम तोड़ दिया।
दूसरे प्रदेश में भर्ती करवाने के पीछे क्या था राज
नशा मुक्ति में नशा छुड़वाने के लिए भर्ती मरीज रणजी सिंह की तबीयत खराब होने पर उसे सादुलशहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाने की बजाये, अबोहर सिटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाना कई सवाल छोड़ गया है। इस मामले में पुलिस को विस्तृत जांच करनी चाहिए। नशा मुक्ति केन्द्र में कौन से डॉक्टर की देखरेख में मरीजों का उपचार करके नशा छुड़वाया जा रहा था। यह भी अहम सवाल है। नशा मुक्ति केन्द्रों में डॉक्टर की सेवाएं होने का झूठा दावा किया जाता है। जिला मुख्यालय स्थित अनेक नशा मुक्ति केन्द्रों में नशे के आदी युवकों से मारपीट करने व इसके बाद मौतें होने के आरोप लगते रहे हैं। पुलिस भी समय-समय नशा मुक्ति केन्द्रों की जांच पड़ताल करने के दावे करती रहती है, लेकिन पुलिस व प्रशासन से केन्द्र संचालकों पर कार्रवाई नहीं करता।

No comments