Breaking News

अब नगर परिषद के खजाने में आएंगे 20 करोड़

- विशेष बजट नहीं मिलने के कारण पीडब्ल्यूडी ने निरस्त की थी निविदा
श्रीगंगानगर। गौरव यात्रा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा 7 सितम्बर को यहां सुखाडिय़ा सर्किल पर अपने स्वागत कार्यक्रम के दौरान शहर की सड़कों और नालियों के लिए की गई 20 करोड़ रुपए की घोषणा की राशि अब सरकार बदलने के बाद नगर परिषद के खाते में डालने की तैयारी कर ली गई है। पिछले दिनों कांग्रेस प्रत्याशी रहे अशोक चाण्डक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर यह राशि नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए जारी करने का आग्रह किया था। बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से अशोक चांडक को जानकारी दी गई है। चांडक ने बताया कि उन्हें इस आशय का एक पत्र मिला है।
जिले में गौरव यात्रा लेकर पहुंची वसुंधरा राजे के 7 सितम्बर शाम को सुखाडिय़ा सर्किल पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान युवक हरीष कुमार ने मंच पर पहुंचकर तत्कालीन मुख्यमंत्री से शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों और बिगड़े हालात के बारे में बताया था। उस समय मुख्यमंत्री ने शहर के सभी 50 वार्डों में सड़कों, नालियों के सुधार के लिए 20 करोड़ रुपए की घोषणा की थी।
इस घोषणा के बाद पहले तो नगर विकास न्यास की ओर से निविदा प्रक्रिया चलाई गई। बाद में शिकायतों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग को मुख्यमंत्री की घोषणा राशि 20 करोड़ रुपए से कार्य करवाने के लिए अधिकृत किया गया। इस बीच चुनाव आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता लगा दी गई। इसके बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 50 वार्डों में सड़क - नाली निर्माण कार्यों के लिए करीब 19 करोड़ रुपए के ई-टेंडर जारी किए गए।   लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग को 20 करोड़ रुपए का यह स्पेशल बजट नहीं मिलने के कारण निविदा प्रक्रिया निरस्त कर दी गई थी।
अब अशोक चाण्डक की ओर से सरकार से मांग किए जाने पर 20 करोड़ रुपए की यह राशि नगर परिषद को देने की तैयरी की जा रही है। आज-कल में ही इस संबंध में नगर परिषद के लिए आदेश जारी हो सकते हैं।

No comments