Breaking News

गैंगस्टर अंकित भादू को हरियाणा पुलिस के हवलदार ने दी पनाह

सिरसा से भादू के अकाउंट में डलवाए गए 25 हजार रुपये
श्रीगंगानगर। गैंगस्टर अंकित भादू के सिरसा कनेक्शन को लेकर कई नई बातें सामने आ रही हैं। हरियाणा से आए समाचारों में जानकारी दी गई है कि श्रीगंगानगर पुलिस के जांच दल में शामिल अधिकारिक सूत्रों की मानें तो हरियाणा पुलिस के जिस कर्मी ने उसे सिरसा उसे पनाह दी, उसी ने अंकित भादू के बैंक अकाउंट में अगस्त माह में 25 हजार रुपये डलवाए है।
उक्त पुलिस कर्मी की तैनाती इस समय सिरसा जिले में है और उसकी अंकित भादू के साथ रिश्तेदारी है। हरियाणा से आई एक खबर के अनुसार श्रीगंगानगर पुलिस अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उक्त पुलिस कर्मी पहले गुरुग्राम में था। गुरुग्राम से इसने सिरसा में अपना तबादला करवा लिया। कुछ दिनों तक इसकी तैनात सीआईए में रही। इसका पूरा फायदा अंकित भादू ने उठाया। वह सिरसा जिले में छुपकर रहता रहा और राजस्थान, हरियाणा व पंजाब पुलिस अंकित भादू को दूसरी जगहों पर तलाश करती रही।
इस संबंध में सिरसा एसपी हामिद अख्तर का कहना है कि हमने उक्त पुलिस कर्मी की पहचान कर ली है, लेकिन उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत हमारे पास नहीं। उक्त पुलिस कर्मी अंकित भादू का रिश्तेदार है। जैसे ही उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत मिलेगा कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि राजस्थान के सादुल शहर में हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अंकित भादू के साथ हुई मुठभेड़ मामले में गंगानगर पुलिस की स्पेशल टीम सिरसा से तीन लोगों को हिरासत में लेकर गई है। मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर अंकित भादू भागने में कामयाब हो गया था, लेकिन उसका मोबाइल व बैग खेतों से गंगानगर पुलिस को मिल गया। सिम आईडी से खुलासा हुआ है कि गैंगस्टर अंकित भादू ने सिरसा के बेगू रोड क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की आईडी पर सिम लिया हुआ था।
हरियाणा से आई खबरों के मुताबिक वीरवार को गंगानगर पुलिस की स्पेशल टीम सिरसा पहुंची और सीआईए थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इसके बाद दोनों टीमें संयुक्त रूप से उक्त युवक के घर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। उक्त युवक से पूछताछ में पता चला है कि गैंगस्टर अंकित भादू को हरियाणा पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत एक कर्मी सिरसा में फरारी कटवा रहा था।
खबरों में बताया गया है कि इस पुलिसकर्मी ने एक दिन अंकित भादू को उक्त युवक के पास ठहराया और सिम लेने के लिए उसकी आईडी गैंगस्टर को दिलवाई। 11 अगस्त को गैंगस्टर अंकित भादू सिरसा के डबवाली क्षेत्र में था। 12 अगस्त को वह राजस्थान सीमा में दाखिल हुआ। पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच गैंगस्टर की लोकेशन चैक करते हुए उसके करीब पहुंच गई। इसके बाद सादुल शहर में पंचकूला पुलिस की अंकित भादू से मुठभेड़ हो गई। भागते समय उसका बैग खेतों में गिर गया।

No comments