Breaking News

पुष्पवर्षा करने आये हैलीकॉप्टर का फ्यूल खत्म

 - लालगढ़ में करना पड़ा इंतजार
श्रीगंगानगर। मानव शृंखला पर पुष्पवर्षा करने के लिए जयपुर से लालगढ़ पहुंचे हैलीकॉप्टर में फ्यूल खत्म होने की सूचना मिलने पर प्रशासन में हड़कम्प मच गया। पायलट ने उड़ान भरने से इंकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार हैलीकॉप्टर में और फ्यूल डालने के लिए प्रशासन ने अपने स्तर पर व्यवस्था करवानी शुरू की, लेकिन पार नहीं पड़ी। बाद में सादुलशहर एसडीएम यशपाल आहूजा ने कम्पनी के प्रतिनिधियों से बात की और जयपुर से फ्यूल मंगवाने की बात हुई।
बाद में खनन मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी के आग्रह पर पायलट ने रूट में बदलाव किया। लालगढ़ से पुष्प उठाकर यह हैलीकॉप्टर गंगानगर, रायसिंहनगर से होता हुआ सीधे छतरगढ़ जाने वाला था, लेकिन फ्यूल की कमी के कारण गंगानगर और रायसिंहनगर की मानव शृंखला पर पुष्प वर्षा करके वापिस लालगढ़ लौट आया। एसडीएम यशपाल आहूजा ने बताया कि जयपुर से फ्यूल लेकर एक और हैलीकॉप्टर चला है। इसके आने के बाद छतरगढ़ तक पुष्प वर्षा इसी हैलीकॉप्टर से की जायेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन की ओर से पुष्प आदि का खर्चा वहन किया गया है। समाचार लिखे जाने तक जयपुर से फ्यूल लेकर हैलीकॉप्टर पहुंचा नहीं था।

No comments