Breaking News

मानव शृंखला बना किया शहादत को सलाम

श्रीगंगानगर। बच्चों, युवाओं, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स व गाइड, किसानों और व्यापारियों ने मंगलवार को मानव शृंखला बनाकर शहीदों की 'शहादत को सलाम किया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार रामलीला मैदान से सूरतगढ़ रोड, जस्सासिंह मार्ग, पदमपुर रोड, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, घड़साना, रोजड़ी मेेंं श्रीगंगानगर जिले की सीमा तक मानव शृंखला बनाई गई। 175 किलोमीटर लम्बी मानव शृंखला की शुरूआत सुखाडिय़ा सर्किल के पास से की गई।
इससे पहले हुए कार्यक्रम में सांसद निहालचंद, राज्यमंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, यूआईटी अध्यक्ष संजय महिपाल, जिला कलक्टर ज्ञानाराम ने कहा कि शहादत को सलाम कार्यक्रम से प्रदेशवासियों के देशभक्ति के जज्बे को देखकर पाकिस्तान भी कभी नापाक हरकत की हिमाकत नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि मानव शृंखला में लक्ष्य से कहीं ज्यादा लोगों ने उमड़कर शहीदों के प्रति सम्मान का प्रमाण दिया है। कार्यक्रम के दौरान शहीदों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
इसके बाद ठीक 11 बजे मानव शृंखला शुरू करने की घोषणा की गई। गोपीराम गोयल की बगीची के पास से मानव शृंखला शुरू करवाते हुए जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी बाइपास की ओर रवाना हो गये। जनप्रतिनिधियों व प्रशासन का अमला मानव शृंखला का रोजड़ी में अन्तिम छोर तक अवलोकन करेगा। मानव शृंखला में शहीदों और देशभक्तों पर आधारित झांकियां भी शामिल रहीं। यह रही व्यवस्था
मानव शृंखला के लिए शहरी क्षेत्र में सड़क किनारे रस्सा बांधकर तीन रंग के गुब्बारों से सजाया गया। रूट चार्ट व कार्यक्रम की माइक्रो मैनेजमेंट के लिए 44 प्वाइंट निर्धारित किये गये।
नौ स्थानों पर चिकित्सकों की टीम, 12 एम्बुलेंस पैरामेडिकल स्टाफ के साथ उपलब्ध रहीं। पांच स्थानों पर दवाओं का स्टॉक सुरक्षित रखा गया। एम्बुलेंस 108 व 104 भी तैयार रही।

No comments