Breaking News

कोचिंग सेंटरों ने बंद की गलियांं, यातायात पुलिस की मिलीभगत

- यातायात पुलिस ने सेंटर संचालकों को नोटिस देकर पल्ला झाड़ा
श्रीगंगानगर। शहर में कोचिंग सेंटरों ने हठधर्मिता की हदें पार कर दी हैं। हालत यह है कि जिन गलियों में यह सेंटर चल रहे हैं, उनसे निकलना अब दुभर हो गया है। यहां रोजाना सुबह और शाम जाम लग जाता है।
लोगों को निकलने मेें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस ने इन कोचिंग सेंटरों के संचालकों को पूर्ण रूप से संरक्षण दे रखा है। अन्यथा क्या मजाल कि सड़क पर काफी संख्या मेें वाहन खड़े कर दें। संचालकों ने वाहनों की पार्किंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं कर रखी। एक सेंटर पर कईं बैच में शिक्षण कार्य होता है।
इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा यहां अपने वाहनों सहित आते हैं। वाहनों को सड़क पर खड़े कर देने से जाम लग जाता है। बिहाणी पेट्रोल पम्प और बाबा रामदेव मन्दिर के बीच से निकलने वाली गली जो सीधे सिहाग हॉस्पीटल को जाती है, पर सबसे बुरा हाल है। यहां कोचिंग सेंटर संचालकों ने सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर रखे हैं। आज सुबह यहां की स्थिति देखने लायक थी। कईं बार यहां वाहन निकलने के चक्कर में लोग चोटिल होते हैं और लड़ाई-झगड़े भी हो जाते हैं।
यातायात पुलिस ने इन संचालकोंं को नोटिस देकर पाबंद करके अपने कत्र्तव्य की इतिश्री कर ली और जिला कलक्टर को रिपोर्ट भी दे दी कि उन्होंने कोचिंग सेंटर संचालकों को पाबंद कर दिया है कि वे अब सड़क पर वाहन खड़े नहीं करेंगे। इसके बावजूद सड़कों पर वाहन खड़े किये जा रहे हैं। सरेआम यातायात नियमों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। यातायात पुलिस इस मामले में कोई भी कार्यवाही नहीं कर रही। नगरपरिषद के पार्षदों ने भी कोचिंग सेंटरों का मुद्दा उठाया था और इस मामले में जयपुर तक शिकायत हुई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया।

No comments