Breaking News

स्वाधीनता दिवस के मौके पर आतंकवादी हमले का अंदेशा

- श्रीगंगानगर जिले में बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ाई, पुलिस चौकस
श्रीगंगानगर। समूचे श्रीगंगानगर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यह कदम स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकी हमले की आशंका के तहत ऐहतियात के तौर पर उठाया गया है।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एमएन दिनेश के निर्देश पर जिले में पुलिस हाई अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। भारत-पाक सरहद पर बीएसएफ जवानों को और अधिक चौकन्ना कर दिया गया है। श्रीगंगानगर जिले की सीमा पाकिस्तान से लगती हैं जहां राष्ट्रविरोधी लोग घुसपैठ और गड़बड़ी की फिराक में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुफिया एजेंसियों को स्वाधीनता दिवस के मौके पर राज्य में आतंकी हमले की आशंका की सूचनाएं मिली हैं। इसके तहत चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में खास तौर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। अंदेशा है इंडियन मुजाहीदीन का आतंकवादी सफी देश में आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। साथ ही, कश्मीरी एवं जेहादी संगठन और लिट्टे भी राजस्थान में आतंकवादी घटना को अंजाम देकर वीवीआईपी और वीआईपी को नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं। पिछले दिनों हैदराबाद में एक जने की गिरफ्तारी से इसका खुलासा हुआ है। हमले की आशंका में बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर जिलों की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एडीजी इंटेलीजेंस उत्कल रंजन साहू ने सभी रेंज आईजी, जिलों के एसपी और सीआईडी जोन अधिकारियों को आपस में समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को स्वाधीनता दिवस समारोह स्थल के अंदर व बाहर निगरानी रखने, काम करने वाले मजदूरों की पहचान कर उनके बारे में जानकारी रखने, समारोह स्थल पर पहुंचने वाले वीआईपी के रूट को चेक करने और वहां सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात करने, समारोह स्थल पर वीआईपी और आमजन की सुरक्षा के लिए चेकिंग करने तथा सीमावर्ती चारों जिलों के एसपी को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सीमावर्ती थानों के प्रभारियों को विशेष सावधानी बरतने और गश्त कर अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments