नशीली दवाइयों के जखीरे सहित युवक गिरफ्तार
बीकानेर। बिछवाल पुलिस ने बीती रात गंगानगर चौराहे पर नशीली दवाईयों के जखीरे सहित एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मादक पदार्थो की तस्करी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। नशे की खेप निजी बस के जरिए श्रीगंगानगर आनी थी। थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उनकी टीम ने गंगानगर चौराहे पर निजी बस में नशीली दवाईयों के कॉर्टून रख रहे प्रकाश मेघवाल पुत्र नरूराम मेघवाल निवासी भैरूपावा कोलायत को काबू कर लिया। उसके कब्जा से 72 हजार नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। जांच पड़ताल में सामने आया कि नशीली दवाईयों की सप्लाई जयपुर से बीकानेर आई थी। जयपुर से रात को यहां पहुंची बस से नशे की खेप को उतार कर श्रीगंगानगर जाने वाली बस में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान ही पुलिस ने प्रकाश मेघवाल को दबोच लिया। नशीली दवाईयां कई कॉर्टून में पैक थी। पूछताछ में प्रकाश मेघवाल ने खुलासा किया है कि ड्रग माफिया नरेन्द्र ङ्क्षसह है। उसे तो केवल जयपुर से आई बस से कॉर्टून उतार कर श्रीगंगानगर जाने वाली बस में चढ़ाने के लिए बोला था। श्रीगंगानगर में माल की डिलीवरी किसने हासिल करनी थी, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। थाना प्रभारी श्री शेखावत ने बताया कि नरेन्द्र सिंह फिलहाल गिनाणी बीकानेर में रहता है। उसके घर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार है। वह श्रीगंगानगर का मूल निवासी है, लेकिन पिछले दो-तीन साल से बीकानेर में रह रहा है। वह निजी ट्रेवल्स में काम करता था। उसी ट्रेवल्स की बस से नशीली दवाईयों की खेप जयपुर से मंगवाता है। कई वर्ष पूर्व भी जब श्रीगंगानगर में उन्होंने नशीली दवाईयों का मामला पकड़ा था, तब भी नरेन्द्र सिंह का नाम सामने आया था, लेकिन वह पकड़ा नहीं गया था।
No comments