Breaking News

अक्षय कुमार का को-पायलट फंसा भारत-पाकिस्तान के बीच बनी दरार में - फिल्म 'सैंताली' में अभिषेक महेन्द्रू निभा रहे हैं दमदार किरदार

बड़े पर्दे पर अलग-अलग रंग के किरदारों को अपनी अदाकारी से जीवंत करने वाले अभिनेता अभिषेक महेन्द्रू अब पंजाबी फिल्म 'सैंताली' में एक ऐसे किरदार के साथ नजर आने वाले हैं, जिसकी कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्द और उस दौर की इंसानी त्रासदी से जुड़ी है। प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अभिषेक महेन्द्रू के लिए यह फिल्म उनके अभिनय सफर का एक अहम पड़ाव मानी जा रही है। अभिषेक महेन्द्रू की खासियत यह रही है कि उन्होंने हर किरदार को उसकी जरूरत के मुताबिक पूरी संजीदगी के साथ पर्दे पर उतारा है। अक्षय कुमार की फिल्म 'स्काई फोर्स' में पायलट की भूमिका हो या 'भाग मिल्खा भाग' में नकारात्मक किरदार, उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता से अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। इसके अलावा वह रोहित शेट्टी जैसे बड़े निर्देशकों के साथ भी काम कर चुके हैं। अब उनकी यह अभिनय यात्रा पंजाबी सिनेमा की फिल्म 'सैंताली' तक पहुंची है। फिल्म में अभिषेक महेन्द्रू एक दमदार और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जो कहानी के भावनात्मक पक्ष को मजबूती देने के साथ-साथ विभाजन के दौर की परिस्थितियों को भी सामने लाती है। 'सैंताली' के लेखक-निर्देशक विजय सुथार हैं, जबकि फिल्म का निर्माण रवि चमडिय़ा और आशीष चमडिय़ा ने किया है। फिल्म में अभिषेक महेन्द्रू के साथ सीमा कौशल, फतह सियां और करण मान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच खिंची वह लकीर, जिसने लाखों जिंदगियों को बदल दिया था, 'सैंताली' उसी दर्द को इंसानी रिश्तों और भावनाओं के जरिए बड़े पर्दे पर सामने लाने की कोशिश है। ऐसे में अभिषेक महेन्द्रू जैसे अनुभवी अभिनेता का इस कहानी का हिस्सा बनना फिल्म की गंभीरता और प्रभाव दोनों को और बढ़ाता है।

No comments