अस्थायी पटाखा बाजार पर संशय बरकरार, दुकानदारों की बढ़ी चिंता
श्रीगंगानगर में दीपावली नजदीक आने के बावजूद शहर में अस्थायी पटाखा बाजार लगाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। नगर परिषद की ओर से सुखाडिय़ा सर्किल के पास रामलीला मैदान और मल्टीपर्पज स्कूल के पीछे स्थित खेल मैदान में पटाखा दुकानें लगाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय नहीं होने से पटाखा कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। अस्थायी पटाखा दुकानदारों का एक शिष्टमंडल सभापति अजय दावड़ा से मिला। दुकानदारों ने बताया कि वे दुकानें किराये पर ले चुके हैं और अग्रिम किराया भी दे दिया है। उनका कहना था कि सभी दुकानों को एक ही स्थान पर लगाना संभव नहीं है। ऐसे में बिक्री स्थलों को लेकर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए।

No comments