लव मैरिज के बाद एसपी ऑफिस पहुंचा कपल, फिर पुलिस के सामने जमकर हंगामा
अजमेर में प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की उम्मीद लेकर एसपी कार्यालय पहुंची युवती को शायद अंदाजा नहीं था कि वहां उसके पीहर पक्ष के लोग भी पहुंच जाएंगे। क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र से लापता बताई जा रही युवती अपने प्रेमी के साथ अजमेर एसपी कार्यालय पहुंची थी। दोनों सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलने आए थे। भनक लगने पर पीहर पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। परिवाद कक्ष के बाहर युवती और उसके प्रेमी को देखते ही परिजन ने हंगामा कर दिया और दोनों पर टूट पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर प्रेमी युगल को बचाया। कुछ देर तक एसपी कार्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।

No comments